Posts

Showing posts from 2020

साल 2020

Image
आम तौर पर साल के पहले दिन हम वे सारी चीजें करना पसंद करते हैं जो हमें उस पूरे साल चाहिए.. नए कपड़े.. अच्छे पकवान.. मौज़ मस्ती.. और टेंशन फ्री लाइफ..!! मेरे 2020 की शुरुआत ओपन माइक, आउटडोर पेंटिंग और दोस्तों के साथ पार्टी से हुई.. ये बिल्कुल वैसी शुरुआत थी जो मुझे पूरे साल चाहिए थी..  जनवरी में आउटडोर पेंटिंग एग्जिबिशन के अलावा मुझे दो और पेंटिंग एग्जिबिशन में हिस्सा लेने का मौक़ा मिला। दूसरे एग्जिबिशन में लगी मेरी एक पेंटिंग "हथेलियों में क़ैद ज़िंदगी" प्रभात खबर की खबर बनी। जनवरी के बाद आया फरवरी.. ज़िंदगी में अनजान लोगों की दस्तक हुई। फरवरी ने अचानक से साल हीं नहीं पूरी ज़िंदगी की कहानी लिखने का ज़िम्मा अपने हाथ में ले लिया। फिर आया मार्च.. वही लॉकडाउन वाला महीना.. पर लॉकडाउन से पहले अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के कार्यक्रम में लगी मेरी पेंटिंग और कविता  मैं ख़ुद से मिलना चाहती  हूं लोगों को बहुत पसंद आई। फिर शुरू हुआ लॉकडाउन। ज़िंदगी में बेहद ज़रूरी लगने वाली हर वो चीज़ जिसे हमने प्रायोरिटी वाली लिस्ट में सबसे ऊपर टैग की थी, लॉकडाउन ने उन्हें बेमतलब की कर दी। सुबह उठकर का...

घरेलू हिंसा

Image
उसने देखा है.. एक आदमी को एक औरत पर हाथ उठाते। बंद दरवाजे के पास थोड़ी-सी जगह में पड़ी उस औरत पर दरवाजे की किल्ली चलाते। वह औरत उस आदमी की पत्नी थी। उसने देखा है.. हल्के भूरे रंग की सितारे वाली साड़ी में.. मायके जाने को तैयार एक औरत को रोते। सिर पर आंचल और सितारों की चमक के बीच उस औरत का मासूम चेहरा आंसुओं से भींगा था। शादी के कुछ साल बाद मायके जाने पर पति की वजह से रोई थी। जब वह पहली वाली औरत का पैर छूने गई, उसने समझाया, "दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। रो मत। सफ़र पर जा रही, अच्छे से जाना।" बस बात ख़त्म।    रिचा नाम है उस लड़की का। वकालत की पढ़ाई कर रही। बहुत क़रीब से उसने इन दोनों घटनाओं को देखा है या यूं कहें तो महसूस किया है। आज पढ़ते वक़्त उसे पता चला कि ये घरेलू हिंसा के तहत आता है। रिचा उन दोनों औरतों से इस बारे में बात करना चाहती थी। पर उनके समझ से ये बात परे थी। वे तो अब तक भूल भी चुकी थी इस बात को या बस भूलने का ढोंग कर रही थी। भारतीय औरतें ऐसी बातें बहुत जल्दी भूल जाया करती हैं। यूं कह सकते हैं कि  स्वीकार कर लेती हैं.. पर रिचा नहीं भूली थी.. उसे सब याद था.. वो दरव...

किताबें अगर जीवंत होती तो कैसी होती???

Image
 . किताबें अगर जीवंत होती तो कैसी होती??? मानो, किताब के पन्नों में बंद  किसी कहानी को हमने पढ़ा और उस कहानी से मिली सीख भी याद कर ली.. पर वास्तविक जीवन में अमल करना भूल गए या हिम्मत नहीं जुटा पाएं.. किताबें अगर जीवंत होती तो क्या उस वक़्त हमें थप्पड़ नहीं लगातीं??? क्या तब भी हम कह पाते किताबें इंसानों की सबसे अच्छी दोस्त होती हैं???
Image
  मेरी ख़ामोशी जिन्हें तुम कभी सुनना नहीं चाहे उस ख़ामोशी को कविता ने जगह दी है शायद इसलिए मैं तुमसे ज़्यादा अपनी कविताओं से प्यार करती हूं.. और शायद यही वजह है कि तुम्हें मेरी कविताएं पसंद नहीं आतीं.. ख़ैर दो चार साल बाद जब तुम मुझे जानना चाहो तो मेरी कविताएं पढ़ लेना.. मुझे समझना चाहो तो मेरी कविताएं पढ़ लेना.. मेरे दर्द महसूस करना चाहो तो बस एक बार बिना पक्षपात किए मेरी कविताएं पढ़ लेना.. और शायद तब समझ जाओगे कि तुम्हें क्या सुनना था जो तुमने नहीं सुना और तब जान पाओगे कि मैं कविताओं से ज़्यादा प्यार क्यों करती हूं..

वो सूखे पत्ते

Image
वो पौधा जिसे मैंने और तुमने साथ लगाया था। जिसमें नई पत्तियां आने पर मैंने और तुमने साथ खुशियां मनाई थीं। ख़ुद से भी ज़्यादा जिसका हम दोनों ख़्याल रखते थें। वो पौधा अब थोड़ा बड़ा हो गया है।  एक शाम जब मैं बालकनी में तेज हवा के बाद बारिश का इंतज़ार कर रही थी। पौधे से अलग हुए कुछ पत्ते जो कभी पौधे पर लगे थें और हम दोनों को बेहद ख़ुशी देते थें। मैंने देखा.. वो हरे-भरे, शीतलता के प्रतीक वाले पत्ते... डाल से अलग होकर वहीं नीचे पड़े-पड़े सूख गए हैं। शायद... तुम्हारे साथ नहीं होने की वजह से मैं अकेले इनका ख़्याल नहीं रख पाई थी या यह भी हो सकता है कि मौसम ही पतझड़ का चल रहा हो। ख़ैर वजह जो भी रही हो... पौधे से अलग हुए वो सूखे पत्ते शायद मुझे बताने की कोशिश कर रहे थें कि ज़िंदगी हमेशा हरी भरी नहीं रहती। शाम की उस ठंडी हवा में वो सूखे पत्ते इधर-उधर सरकते मेरी कुर्सी तक आ गए... जहां बैठ... ख़्यालों में गुम मैं.. बारिश का इंतज़ार कर रही थी। पत्तियों के खर-खर की आवाज़.. मुझे ख़्वाबों की दुनिया से खींचकर यथार्थ में ले आई। मैंने उन्हें हाथों में उठाया। बड़े ध्यान से उन पत्तों को देख तुम्हें स...

इंतज़ार-2

Image
चांद.. सुनो न, किसी शाम उसे भी लेते आना अपने साथ.. वो अपने छत से तुम्हें देख रहा होगा.. तुममें मुझको ढूंढ़ रहा होगा.. उसने कहा था- "चांदनी रात में चांद को देखना मैं भी देखा करूंगा.. उसमें तुम्हें ढूंढा करूंगा.. सुनो, तुम भी मुझे देखना.. आने वाले दिनों में जब हम साथ नहीं होंगे हमदोनो कुछ यूं ही मुलाक़ात करेंगे" चांद.. सुनो न, किसी शाम उसे भी लेते आना अपने साथ.. वो अपने छत से तुम्हें देख रहा होगा.. तुममें मुझको ढूंढ़ रहा होगा.. हां, मगर छोड़ देना.. गर वो तुम्हें किसी और के साथ देख रहा होगा.. तुममें किसी और को महसूस कर रहा होगा.. उस शाम.. उसे साथ आने के लिए मत पूछना मैं जानती हूं, वो मना कर देगा.. चांद.. सुनो न, उस शाम तुम बादलों में छिप जाना.. मुझे भी कुछ मत बताना.. मैं इक उम्मीद लिए हर शाम उस इक शाम का इंतज़ार करना चाहती हूं.. जब तुम उसे अपने साथ लाओगे..
Image
इक तुम हो.. इक हम हो.. और किताबें हों.. मैं कहानियां पढ़ती रहूं तुम कहानियां जीते रहो.. इक तुम हो.. इक हम हो.. और झूला हो.. झूले पर बैठ तुम कहानियां सुनाते रहो मैं तुम्हारे बगल में बैठ तुम्हारे कंधे पर सर रख वो कहानियां जीती रहूं.. इक तुम हो.. इक हम हो.. और नाव हो.. नाव में बैठ पानी की धीमी लहर में शाम की ठंडी हवा को महसूस करते और ढलते सूरज को देखते एक दूजे का हाथ थामे नाव के साथ अपने रिश्ते को आगे बढ़ाते इक दूसरे को कहानियां सुनाते इक तुम हो, इक हम हो और नाव हो.. हां, इक तुम हो.. इक हम हो.. और ढ़ेर सारी कहानियां हों.. कहानियों ने हमारी नजदीकियां बढ़ाई है, न.. ये हमारे रिश्ते को और मजबूत बनाएंगी क्योंकि कहानियां कभी ख़त्म नहीं होती.. ये बची रहती हैं  क्लास में लास्ट बेंच पर बैठे बदमाशियों के किस्सों में तो कभी करियर और नौकरी के बीच जी रहे ज़िंदगी के हिस्सों में.. कभी पार्क में बैठें प्रेमीयुगल की बातों में तो कभी.. वहीं दूर बेंच पर अकेले बैठे किसी के अश्रुओं में.. सुनो, हम ढूंढ़ा करेंगे इन्हें इक दूसरे को सुन...

पिता को पत्र

Image
डियर पापा, चरणस्पर्श।               आप सोच रहे होंगे हर शाम वीडियो कॉल पर अपनी मम्मी से मेरा हाल चाल लेने वाली बेटी आज मुझे पत्र क्यों लिख रही है। पापा, आज फादर्स डे है। कॉल पर शायद मैं वो बातें न कह पाऊं जो कहना चाहती हूं। या आप वो सारी बातें सुनने से पहले ही रोते हुए मम्मी को फोन पकड़ा दें। इसलिए पत्र लिख रही हूं। आपकी बेटी रिया का 30 साल की उम्र में आपके लिए यह पहला ख़त।  आपने अब तक जो किया उसके लिए मैं 'थैंक यू' कहूं तो यह बहुत छोटा शब्द होगा। आपने मुझमें और भईया में कभी अंतर नहीं किया। भईया से ज़्यादा ही मुझे प्यार किया। मुझे याद है.. कैसे भईया मम्मी का बेटा और मैं आपकी बेटी हुआ करती थी। मुझे ये भी याद है.. कैसे हर मिडिल क्लास फैमिली के पिता की तरह मेरे बचपन से ही आपको भी मेरी शादी और दहेज़ की चिंता सताती थी और आप पैसे जमा किया करते थें। सच कहूं तो आपकी ये आदत मुझे बिल्कुल भी अच्छी नहीं लगती थी। पर जब भईया के इंजीनियरिंग कॉलेज में एडमिशन के बाद मेरे सपनों की बारी आई तो आपने मेरे सपने और मेरी शादी में से मेरे डॉक्टर बनने के सपने को ज़्यादा महत...

हत्या - एक कहानी

"हत्या करने की सज़ा क्या होती है??? मैं कुबूल करती हूं... मैंने कई हत्याएं की हैं..." आइने के सामने खड़े होकर आकृति कभी ख़ुद से कभी आइने से बार-बार ये सवाल कर रही थी।  आकृति ने दूसरों के लिए अपने कई ख़्वाबों और ख़्वाहिशों की हत्या की थी। लड़की थी न... हालात, महंगाई, उसूल, परंपरा, मर्यादा और इज़्ज़त के बोझ तले कई ख़्वाब मरे थे उसके। बहुत आसानी से उन ख़्वाबों को जिसे वो हक़ीक़त बनाना चाहती थी.. फैमिली मीटिंग में सब ग़लत साबित कर देते थे और इसके ख़्वाबों से बेहतर विकल्प सामने रख देते थे। अच्छी लड़की बनना चाहती थी हमेशा। मिडिल क्लास फैमिली में अच्छी लड़की की परिभाषा क ख ग की तरह बचपन में ही रटवा दी जाती है। इसलिए इसने कभी बड़ी ज़िद नहीं की। अपनों के आगे तीर कमान लेकर कभी खड़ी नहीं हुई थी। ये सभी के लिए बड़ी आम सी बात होती थी पर आकृति के लिए कितनी ख़ास थी.. न कोई समझ पाता था.. न वह किसी को समझा पाती थी। लेकिन एक बात से वो हमेशा परेशान रहती कि हर बार उसके ख़्वाब ग़लत कैसे हो जाते हैं।  "तुमने दूसरों की हां को हां मानने के सिवा किया ही क्या है?? हर बार सबकी बातों में आ जाती हो...

सुनो मां

Image
सुनो मां...... तुमने मुझे बोलना, पढ़ना, लिखना, चलना, दौड़ना, गिरें तो उठना, उठ कर संभलना, सजना, संवरना, सब कुछ तो सिखाया है... इस दुनिया से ख़ुद के हक़ के लिए लड़ना भी सीखा दो न... दुनिया और मुझमें तुम मुझको ही चुन लो न... तुमने पापा से लड़ कर हर त्योहार पर मुझे नए कपड़े दिलाए थें.. एक बार मेरे सपनों के लिए भी लड़ लो न... तुमने जब भी मेरे लिए स्वेटर बनाए ऊन के रंग तक मुझसे पसंद कराए थे.. ये जानते हुए भी कि ऊन के रंग और स्वेटर को अगले साल बदला जा सकता है और नया वापस से मेरी पसंद का बनाया जा सकता है.. तो मेरी ख़ुशियों के रंग भी मुझे चुनने दो न... हां, मैं ग़लत हो सकती हूं पर सपने तो ग़लत नहीं हो सकते न ये तो बस यकीं और साथ मांगते हैं तुम भी मेरे सपनों के साथ हो जाओ न.. चलो ये भी मान लिया मेरे रंग भी ग़लत हो सकते हैं पर याद है मुझे छोटी थी तो सही ग़लत हर ज़िद्द मान ली जाती थी.. अच्छा तो बड़े हो जाना ही मेरी ग़लती है क्या??? सुनो मां, सब कुछ तो सिखाया है तुमने... इस दुनिया से ख़ुद के हक़ के लिए लड़ना ...

तुम किताब क्यों नहीं हो???

Image
तुम उस किताब की तरह हो जिसे पढ़ कर मैं हमेशा के लिए अपने पास रखना चाहती हूं.. और हर रात सोने से पहले पलटना चाहती हूं उसके कुछ पन्ने.. फिर सिरहाने रखकर तुम्हारी कहानी में खो कर मुस्कुराते हुए या कभी पलकों को आंसूओं से भिंगोकर सो जाना चाहती हूं.. मैं तुम में खो जाना चाहती हूं.. आसूं भी उतने ही क़ीमती लगे जितने की मुस्कुराहट मैं तुम में डूब कर तुमको इस क़दर पढ़ लेना चाहती हूं.. मैं तुम्हारी कहानी के हर एक शब्द को अपनी चोटियों सा गूंथ लेना चाहती हूं जिसे आईने के सामने बैठ, हर रोज संवारती रहूं.. अपने चेहरे की चमक में तुमको निहारती रहूं.. मैं तुमको खोने से पहले इस क़दर पा लेना चाहती हूं.. मैं तुम्हारे लम्स को महसूस करना चाहती हूं.. मैं तुमको हर्फ-दर-हर्फ याद कर लेना चाहती हूं.. पर अफ़सोस तुम उस किताब की तरह हो जिसे पढ़ कर मैं हमेशा के लिए अपने पास रखना चाहती हूं लेकिन तुम किताब नहीं हो.. तुम किताब नहीं हो जिसे मैं बाज़ार जा कर खरीद सकूं या ऑनलाइन मंगा सकूं... सुनो, तुम किताब क्यों नहीं हो???? मैं किताबों से बहुत प्यार करती हूं.. किताबें खरीदने या पढ़ने के...

किताब सी हो गई है ज़िंदगी

Image
किताब सी हो गई है ज़िंदगी जिसके पहले पन्ने पर हो तुम और आख़री पर मैं.. किताब की इस कहानी ने हमें एक दूसरे से जोड़ा तो है पर इसने हमारा साथ छीन लिया.. 'तुम' किताब का वो पहला पन्ना हो जो कहानी शुरू करता है और 'मैं' वो आख़िरी पन्ना जिस पर कहानी ख़तम होती है.. ये पहले पन्ने से आख़िरी पन्ने की दूरी अब बहुत खलती है मुझे.. सच कहूं तो जलन होती है मुझे शुरुआत के उन पन्नों से जो तुम्हारे क़रीब हैं.. हां, पता है मुझे तुम्हें भी जलन होती है आख़िरी कुछ पन्नों से जो मेरे क़रीब हैं.. कभी-कभी सोचती हूं ये दूरी कम करने के लिए बीच के कुछ पन्ने फाड़ दूं.. मगर डरती हूं कहानी के जटिल होने से पढ़ने वाले के गुमराह होने से और महज़ कुछ पन्ने फाड़ हमारे साथ नहीं होने से.. पर इस कश्मकश का क्या करूं इन उलझनों को कैसे समझाऊं जो मुझे और तुम्हें साथ देखना चाहते हैं.. अच्छा सुनो.. हमारी ये किताब किसी बच्चे के हाथ में थमा दूं क्या?? मैंने अक्सर देखा है बच्चे किताब का पहला और आख़िरी पन्ना बहुत जल्द फाड़ते हैं.. ...

तुम्हें मेरी एक कमी लगे

Image
बुलंदियों पर पहुंच कर भी तुम्हें एक कमी लगे.. तुम्हारे बगल में मेरे खड़े न होने की तुम्हें एक कमी लगे.. प्यार तो हो बेशुमार तुम्हारी ज़िंदगी में पर जब भी आंखें बंद करो तुम्हें मेरी एक कमी लगे.. मुकम्मल ज़िंदगी तो हो तुम्हारे पास पर मेरी एक कमी से तुम्हें वो मुकम्मल न लगे.. तुम ताउम्र उस कमी को जीते रहो तुम्हारी हर कमी में तुम्हें मेरी एक कमी लगे..

समाज के दो रूप

Image
पिछली रात ऑफिस से घर आते वक़्त एक सड़क दुर्घटना में शैलेश के पैर की हड्डी टूट गई थी। कल तक चलता फिरता शैलेश आज बिस्तर पर पड़ा है। डॉक्टर ने तीन महीने के लिए बेड रेस्ट कहा है। एक अनहोनी को अपने बेटे को छूकर जाते देख मां बहुत ही घबरा गई है। पड़ोस वाली ललिता आंटी के साथ बैठ कभी उस ट्रक ड्राइवर को तो कभी उस गड्ढे वाली सड़क को लगातार कोसे जा रही जिनकी वजह से उसके बेटे की आज यह हालत हुई। ललिता भी उनके हां में हां मिला रही और शैलेश के ठीक होने की कामना कर रही। तभी शैलेश के चाचा भी आते है। शैलेश के पास बैठ... उसका हाल चाल और पिछले रात के बारे में पूछते हैं। शैलेश बताता है - "कल जब वह ऑफिस से घर लौट रहा था.. एक ट्रक (जिस पर जितना सामान लदा होना चाहिए उससे दोगुना लदा था) मेरी तरफ़ आया और टक्कर मार कर चला गया। और  शहर के सड़कों की हालत तो आपको पता ही है। वहीं बाई ओर वो बड़ा वाला गड्ढा है न.. मैं उसमें गिर गया। बाइक भी पूरी टूट गई"। ललिता आंटी - बेटा.. बाइक तो फिर आ जाएगी। आख़िर जान है तो जहान है। चाचा - ये ट्रक ड्राइवर न.. साले, शराब पी कर गाड़ी चलाते है और ल...

प्यार एक प्राकृतिक क्रिया है

Image
मन के दरवाज़े को बंद कर मैंने धूप की किरणों को बाहर ही रोक रक्खा है.. यूं कोई दुश्मनी तो नहीं किरणों से बस उनकी दोस्ती से अब डर लगता है.. दिल तो अब भी मन का दरवाज़ा खोल आंखें बंद कर बांहें फैला उन किरणों का स्वागत करना चाहता है.. पर अब कांच की बन चुकी हूं मैं और किरणों के परावर्तन से डर लगता है.. पर किरणे स्वतः ही रोशनदान से अंदर आ जाती हैं.. सच.. प्राकृतिक चीजें स्वतंत्र होती हैं.. और प्यार भी एक प्राकृतिक क्रिया है.. हो तो होने देना.. रोकना मत ख़ुद को.. कोई सपनों में आए तो आने देना रोकना मत ख़ुद को.. उसके लिए लड़ना पड़े तो लड़ जाना रोकना मत ख़ुद को.. क्योंकि ख़ूबसूरत दिखने वाली हर वो प्राकृतिक चीज़ जिस पर तुम अंकुश लगाने की कोशिश करते हो न याद रखना.. वो भयावह तबाही लेकर आती है..

इंतज़ार

Image
सुबह से इंतज़ार रहता है शाम के होने का.. फिर शाम में, आसमां में, चांद को देखने का.. चांद को देख उसमें तुम्हें ढूंढने का.. तुम्हें ढूंढ़कर फिर तुम्हें सोचने का.. तुम्हें सोचकर ख़ुद को तसल्ली दिलाने का.. तसल्ली ये कि गर्मी की इस शाम में  तुम भी अपने छत पर पर्वत, पहाड़ों और बादलों के बीच इस चांद को देख मुझे सोच रहे होगे.. उसमें.. मुझे ढूंढ़ रहे होगे.. तुम भी.. मेरी कमी को महसूस कर रहे होगे.. जैसे.. हरपल.. हरदम.. मैं करती हूं सुबह से शाम का इंतज़ार शाम में चांद का इंतज़ार और चांद के ज़रिए तुमसे मिलने का इंतज़ार..

पिंजरा

Image
मैं पिंजरे में बंद इक पक्षी और तुम खुले आसमां में रहने वाले। मेरे लिए तुम उस पक्षी की तरह थे जिसे न तो मैं  क़ै द कर पाई और न ही जिसके साथ उड़ पाई। बस ख़ामोशी से ज़मीं पर रह तुम्हें आसमां की ऊंचाईयों को छूते देखती रही। चाहत तो थी.. पेड़ की डाल पर टंगे इस पिंजरे से निकल कर तुम्हारे साथ आसमां के सैर पर चलने की.. चांद को छूने की.. रात में टिमटिमाते सितारों के साथ जगमगाने की.. इन्द्रधनुष से वो लाल रंग जो प्यार का प्रतीक होता है न, उसे चुराने की.. बादलों के साथ आंख-मिचौली खेलने की.. फुदक-फुदक कर इस डाल से उस डाल उड़ने की, वह डाल जहां कोई पिंजरा न हो.. प्यार भरे नगमे गुनगुनाने की.. और फिर तुम्हारे साथ अपने उस घोंसले में लौटने की जिसे मैंने और तुमने तिनका-तिनका इकट्ठा कर प्यार और विश्वास से बनाया हो.. हां, मुझे पता था, आसमां में चांद, सितारे, इंद्रधनुष और बादलों के साथ-साथ सूरज भी होता है। पर मैं तैयार थी, तुम्हारे साथ सूरज की उस गर्मी को झेलने के लिए। हां, मुझे यह भी पता था, जिन बादलों के साथ हम आंख-मिचौली खेलते, वो बारिश भी लाता है। पर मैं तैयार थी, तुम्हारे साथ उस बार...

चलो इक कहानी बनाते हैं

चलो इक कहानी बनाते हैं.. हमारे साथ को शब्दों में सजाते हैं.. सुनो... तुम न चांद बन जाना और मैं तुम्हारी चांदनी तुम सूरज बन जाना, मैं तुम्हारी गर्मी तुम इन्द्रधनुष, मैं उसकी सात रंग तुम बादल बन जाना, मैं उसका पानी तुम न सुबह बन जाना और मैं चहचहाती चिड़िया तुम शाम बन जाना, मैं घोंसले को लौटती पक्षियां तुम समुंद्र, मैं तुम्हारी लहर तुम पेड़ बन जाना, मैं तुम्हारी हरी-हरी पत्तियां तुम न किताब बन जाना, मैं उसमें छपे शब्द तुम कैनवास बन जाना, मैं उसमें बिखरी रंग तुम अख़बार, मैं उसकी ख़बर तुम कविता बन जाना, मैं तुम्हारी लफ़्ज़ तुम श्रृंगार, मैं माथे की बिंदी तुम चाय, मैं उसमें डूबी बिस्किट तुम भगवद्गीता, मैं उसकी श्लोक तुम कुरान बन जाना, मैं उसकी आयत तुम न बनारस बन जाना, मैं तुम्हारी घाट तुम गांव बन जाना, मैं तुम्हारी हाट तुम बाग, मैं उसमें लगी फूल तुम ख़ामोशी बन जाना, मैं तुम्हारी अनकही बात तुम सर्द मौसम की रात, मैं रजाई बन जाऊं तुम गर्मी की दोपहर, मैं आइसक्रीम बन जाऊं तुम वसंत तो मैं हरियाली तुम बारिश तो मैं मिट्टी की ख़ुशबू बन जाऊं समझ रहे हो न, बिना मेरे ...

इक रंग मोहब्बत का-2

Image
इक रंग मोहब्बत का.. और इस मोहब्बत के रंग पर चढ़ता है इक रंग खानदान का.. इक रंग परवरिश का.. इक रंग नसीब का.. इक रंग बे अदब का.. इक रंग बे ऐतबार का.. इक रंग बे इख़तियारी का.. इक रंग ना उम्मीदी का.. इक रंग इंकार का.. इक रंग कुर्बानी का.. इक रंग नाफर्मानी का.. इक रंग नफ़रतों का.. इक रंग पाबंदियों का.. इक रंग ज़ख्म का.. इक रंग ख़ामोशी का.. और इनमें सबसे गहरा रंग ख़लिश का.. सच दुनिया एक हक़ीक़त है, दिल एक ख़्वाब.. ख़्वाब को हक़ीक़त पसंद नहीं और हक़ीक़त को ख़्वाब..

इक रंग मोहब्बत का

Image
इक रंग मोहब्बत का.. इक रंग इबादत का.. इक रंग  गुफ़्तगू का.. इक रंग नज़ाकत का.. इक रंग इजहार का.. इक रंग इक़रार का.. इक रंग इख़्तियार का.. इक रंग कुरबत का.. इक रंग एहसास का.. इक रंग ऐतबार का.. इक रंग इक़बाल का.. इक रंग ख़्वाहिशों का.. इक रंग फरमाइशों का.. इक रंग तबस्सुम का.. इक रंग तोहफ़े का.. इक रंग नजदीकी का.. इक रंग आरज़ू का.. इक रंग आबरू का.. और इनमें सबसे गहरा रंग था सुकून का.. सोहबत का.. इत्तेफ़ाक़ से जो ये रंग तुमने मुझे लगाए थे न मैंने हर होली के लिए बहुत ही संभाल कर रख लिए हैं..

चांद, बाती और हवा

Image
मेरा क्या कुसूर बाती के बुझने में मैं तो हवा हूं मेरा काम है चलना मैं तो बस चल रही थी.. आसमां में चमकता चांद जो बाती के बुझने का सारा इल्ज़ाम हवा पर लगा रहा था.. हवा का ये तर्क मानने को तैयार नहीं था.. चांद जिसे बहुत समय के बाद कोई अपना-सा लगा था.. इस अंधेरी रात में अंधेरे से लड़ता दिखा था.. वो साथ चाहता था उस बाती का हर रात के लिए.. वो साथ चाहता था उस बाती का अंधेरे को मिटाने के लिए.. बाती भी चांद के साथ जलना चाहती थी.. वो भी चांद का हमेशा के लिए साथ चाहती थी.. जैसे चमक रहा वो आसमां में वैसे ही जमीं पर वो रौशनी बिखेरना चाहती थी.. दोनों ने एक-दूसरे का निमंत्रण स्वीकार किया था.. बाती ने भी आज ख़ुशी से सोलह श्रृंगार किया था.. दोनों अपने ख़्वाहिशों के ताने-बाने बिन रहे थे.. दोनों भावनाओं के गहरे समुंदर में बह रहे थे.. यूं ज़िंदगी कितनी खुशनुमा हो जाएगी दोनों मन ही मन आने वाली कई रातों की कहानी गढ़ रहे थे.. तभी इक हल्की सी हवा के झोंके ने सारा काम बिगाड़ दिया था इसलिए चांद ने हवा को आज कटघरे में उतार दिया था.. इल्ज़ामों का सिलसिला, कुछ यूं शुरू हुआ...
ख़ुद से ख़फ़ा क्यों रहते हो?? ख़ुद से जुदा क्यों रहते हो?? मन की बातें सुनते क्यों नहीं?? ख़ुद से मोहब्बत जताते क्यों नहीं?? ख़ुद से मिलने की कोशिश की है कभी?? ख़ुद के लिए दुनिया से उलझे हो कभी?? हवाओं से शर्त लगाकर तो देखो.. ख़ुद से भी एक रिश्ता है तुम्हारा अरे वो रिश्ता निभा कर तो देखो.. समयानुसार तुम चलना तो सीखो.. ख़ुद की ढाल पहले बनना तो सीखो.. सपने सारे पूरे होंगे तुम्हारे ख़ुद की ख़्वाहिशों को तवज्जो देना तो सीखो.. कब तक एक ही गफलत हर बार करोगे?? कब तक तसव्वुर में ज़िंदगी जीयोगे?? आख़िर कब तक ख़ुद की ख़्वाहिशें दूसरों के लिए कुर्बान करोगे?? चलो...... ख़ुद से आज एक वादा करो ख़ुद की ख़ुशी के लिए ख़ुद से भी लड़ोगे.. दुनिया छूटती है तो छूट जाए पर ख़ुद को मायूस नहीं करोगे..

मैं ख़ुद से मिलना चाहती हूं

Image
मैं ख़ुद से मिलना चाहती हूं.. मैं ख़ुद का साथ पाना चाहती हूं.. मेरे अंदर एक  "लड़की" है इस दुनिया की भूल मैं उसकी सुनना चाहती हूं.. वो लड़की  मेरा आधा हिस्सा है.. वो लड़की  मेरा अधूरा किस्सा है.. वो लड़की  जिसे मैंने हर बार मारा है.. वो लड़की  जिसे मैंने सभ्यता, संस्कृति और परंपराओं के नाम पर बांध कर रखा है.. आज इस लड़की  के साथ मैं जीना चाहती हूं.. आज इस लड़की  को हर बंधन से आज़ाद करना चाहती हूं.. वो लड़की  जो मेरे अंदर ख़ामोश रहती है.. वो लड़की  जिसकी हर बात मैंने अनसुनी की है.. वो लड़की  जिसके अस्तित्व को दूसरों की ख़ुशी के लिए हर बार मैंने नक़ारा है.. आज इस  लड़की  की मैं सारी बातें  सुनना चाहती हूं.. आज इस लड़की  से जी भर बातें करना चाहती हूं.. वो लड़की  जो उड़ना चाहती थी पक्षियों की तरह खुले आसमान में बिना किसी रोक-टोक के.. अपने सपने को जीना चाहती थी बिना किसी खौफ के.. पर इस दुनिया के डर से बड़ी मुश्किल से मैंने उसे समझाया था, "मौत और ज़िंदगी के बीच फंसी ख़ामोशी है तू ...

ख़्वाब

Image
हाथ लगाते उड़ जाएंगे 'ख़्वाब' भी मेरे 'तितली' से हो गए हैं वैसे ही रंगीन वैसे ही ख़ूबसूरत वैसे ही सुकुमार और वैसे ही हल्की-सी आहट पर दूर उड़ जाने वाले.. बाग में फूलों से बातें करते अनगिनत तितलियों को देख दिल उनके पीछे भागना चाहता है.. बच्चा बन उन्हें पकड़ना चाहता है.. हथेली पर संभाल कर रखना चाहता है.. पर वो इठलाते, नख़रे दिखाते, हर बार मुझसे दूर उड़ जाते हैं.. कितना भी उनके पीछे दौडूं हाथ नहीं आते हैं, ये हर बार मुझे अकेला छोड़ जाते हैं.. बिल्कुल ऐसे ही ख़्वाब का पीछा करते-करते जब थक गई मैं.. मान गई मैं हाथ लगाते उड़ जाएंगे 'ख़्वाब' भी मेरे 'तितली' से हो गए हैं..

हम तुम साथ हों

Image
सुबह हो चहचहाती चिड़ियां हो चिड़ियों को देखते हम तुम साथ हों.. रात हो आसमां में चांद हो चांद से बतियाते हम तुम साथ हों.. अमावस की रात हो और चांद नदारद हो उस दिन सितारों को गिनते हम तुम साथ हों.. शाम हो दो कप चाय हो चाय पर लड़ते हम तुम साथ हों.. प्यार हो जादूगरी हो आंखों से जादू करते हम तुम साथ हों.. कविताएं हो कहानियां हो सादे काग़ज़ पर शब्दों में हम तुम साथ हों.. ब्रश हो रंग हो रंगों से खेलते कैनवास पर चित्र उकेरते हम तुम साथ हों.. नदी हो घाट हो घाट पर बैठे हम तुम साथ हों.. बारिश हो घर की छत हो बारिश में भिंगते हम तुम साथ हों.. सर्द मौसम हो कोहरा हो एक-दूसरे को मोहब्बत सिखाते हम तुम साथ हों.. बदलते मौसम और बदलते साल में एक दूसरे के साथ ज़िंदगी जीते हर पल हरदम  हम तुम साथ हो..