सुनो मां


सुनो मां......

तुमने मुझे
बोलना,
पढ़ना,
लिखना,
चलना,
दौड़ना,
गिरें तो उठना,
उठ कर संभलना,
सजना, संवरना,
सब कुछ तो सिखाया है...
इस दुनिया से
ख़ुद के हक़ के लिए
लड़ना भी सीखा दो न...
दुनिया और मुझमें
तुम मुझको ही चुन लो न...

तुमने पापा से लड़ कर
हर त्योहार पर मुझे
नए कपड़े दिलाए थें..
एक बार
मेरे सपनों के लिए भी लड़ लो न...

तुमने जब भी मेरे लिए स्वेटर बनाए
ऊन के रंग तक मुझसे पसंद कराए थे..
ये जानते हुए भी कि
ऊन के रंग और स्वेटर को
अगले साल बदला जा सकता है
और नया वापस से
मेरी पसंद का बनाया जा सकता है..
तो मेरी ख़ुशियों के रंग भी
मुझे चुनने दो न...

हां, मैं ग़लत हो सकती हूं
पर सपने तो ग़लत नहीं हो सकते न
ये तो बस यकीं और साथ मांगते हैं
तुम भी मेरे सपनों के साथ हो जाओ न..

चलो ये भी मान लिया
मेरे रंग भी ग़लत हो सकते हैं
पर याद है मुझे
छोटी थी तो
सही ग़लत
हर ज़िद्द मान ली जाती थी..
अच्छा तो
बड़े हो जाना ही मेरी ग़लती है क्या???

सुनो मां,
सब कुछ तो सिखाया है तुमने...
इस दुनिया से
ख़ुद के हक़ के लिए
लड़ना भी सीखा दो न...
दुनिया और मुझमें
तुम मुझको ही चुन लो न...
मेरे महाभारत की
तुम कृष्ण बन जाओ न...

Comments

Popular posts from this blog

मुझे अपना घर छोड़कर, अपने घर को जाना है...

शब्द और रंग

School में पहला दिन....