पिंजरा
मैं पिंजरे में बंद इक पक्षी और तुम खुले आसमां में रहने वाले। मेरे लिए तुम उस पक्षी की तरह थे जिसे न तो मैं क़ैद कर पाई और न ही जिसके साथ उड़ पाई। बस ख़ामोशी से ज़मीं पर रह तुम्हें आसमां की ऊंचाईयों को छूते देखती रही।
चाहत तो थी.. पेड़ की डाल पर टंगे इस पिंजरे से निकल कर तुम्हारे साथ आसमां के सैर पर चलने की.. चांद को छूने की.. रात में टिमटिमाते सितारों के साथ जगमगाने की.. इन्द्रधनुष से वो लाल रंग जो प्यार का प्रतीक होता है न, उसे चुराने की.. बादलों के साथ आंख-मिचौली खेलने की.. फुदक-फुदक कर इस डाल से उस डाल उड़ने की, वह डाल जहां कोई पिंजरा न हो.. प्यार भरे नगमे गुनगुनाने की.. और फिर तुम्हारे साथ अपने उस घोंसले में लौटने की जिसे मैंने और तुमने तिनका-तिनका इकट्ठा कर प्यार और विश्वास से बनाया हो..
हां, मुझे पता था, आसमां में चांद, सितारे, इंद्रधनुष और बादलों के साथ-साथ सूरज भी होता है। पर मैं तैयार थी, तुम्हारे साथ सूरज की उस गर्मी को झेलने के लिए। हां, मुझे यह भी पता था, जिन बादलों के साथ हम आंख-मिचौली खेलते, वो बारिश भी लाता है। पर मैं तैयार थी, तुम्हारे साथ उस बारिश में भींगने के लिए। मुझे ये भी पता था कि हवा जो बहुत सुकून देती है, बारिश के साथ मिलकर कभी कभी हमारे प्यार से बनाए उस घोंसले के आधार को भी हिलाएगी। पर मुझे यकीं था.. ख़ुद पर और तुम पर.. कि हम हमारे आशियाने को कभी टूटने नहीं देते। या टूट भी जाता तो उतने ही प्यार से दोबारा से बनाते।
पर चाहते कहां पूरी होती हैं... सब के सब समझौते के ज़ंजीर में बंध कर रह गई। काश की सुई पर अटक कर रह गई। मैं न तो तुम्हारी ऊंचाई दुनिया को दिखा पाई और ना ही तुम्हारे पंखों की मजबूती। और ये दुनिया तो तुम्हारी ऊंचाई की वजह से बन रहे बस उस छोटे परछाई को ही देखती रही। ख़ैर... छोड़ो... तुम इस पिंजरे में नहीं आ पाओगे और मैं तुम्हारे साथ के लिए इस पिंजरे से बाहर।
पता है... आज राधा आई थी.. दाना देने.. मैंने उस से कहा,
"सुनो, तुम तो इंसान हो न..
बेहद अदीब मालूम पड़ते हो..
मेरा आशियाना मुझे अपने अनुसार सजाने दो न
मैं एक पक्षी हूं
मुझे इस पिंजरे से निकल
आसमां में आज़ादी से उड़ने दो न"
वो तैयार थी.. इस पिंजरे से मुझे निकालने के लिए। पर मैं डर गई। उस मूंछ वाले इंसान से जो बंदूक लिए शिकार की ताक में बैठा रहता है। वो... मेरे उड़ने के बाद इस पेड़ पर आती दूसरी कई चिड़ियों को क़ैद कर लेता। पर सुनो.. तुम आया करना.. चीं-चीं करते हुए.. फुदक-फुदक कर.. दाना चुंगने.. मेरे पिंजरे के पास.. मैं चुप-चाप अपनी कटोरी आगे कर दिया करूंगी.. और तुम भी उतनी ही ख़ामोशी से दाना लेकर दूर उड़ जाया करना। बस.....
दिल पर क्या गुजरती है
जज़्बात बयां नहीं करती है
इक बुलबुल है, डरी सहमी सी
ख़्वाबों के पिंजरे में क़ैद रहती है

सुंदर
ReplyDelete😊😊
Delete