समाज के दो रूप


पिछली रात ऑफिस से घर आते वक़्त एक सड़क दुर्घटना में शैलेश के पैर की हड्डी टूट गई थी। कल तक चलता फिरता शैलेश आज बिस्तर पर पड़ा है। डॉक्टर ने तीन महीने के लिए बेड रेस्ट कहा है। एक अनहोनी को अपने बेटे को छूकर जाते देख मां बहुत ही घबरा गई है। पड़ोस वाली ललिता आंटी के साथ बैठ कभी उस ट्रक ड्राइवर को तो कभी उस गड्ढे वाली सड़क को लगातार कोसे जा रही जिनकी वजह से उसके बेटे की आज यह हालत हुई। ललिता भी उनके हां में हां मिला रही और शैलेश के ठीक होने की कामना कर रही। तभी शैलेश के चाचा भी आते है। शैलेश के पास बैठ... उसका हाल चाल और पिछले रात के बारे में पूछते हैं।

शैलेश बताता है - "कल जब वह ऑफिस से घर लौट रहा था.. एक ट्रक (जिस पर जितना सामान लदा होना चाहिए उससे दोगुना लदा था) मेरी तरफ़ आया और टक्कर मार कर चला गया। और शहर के सड़कों की हालत तो आपको पता ही है। वहीं बाई ओर वो बड़ा वाला गड्ढा है न.. मैं उसमें गिर गया। बाइक भी पूरी टूट गई"।

ललिता आंटी - बेटा.. बाइक तो फिर आ जाएगी। आख़िर जान है तो जहान है।

चाचा - ये ट्रक ड्राइवर न.. साले, शराब पी कर गाड़ी चलाते है और लोगों की ज़िंदगी ख़तरे में डालते हैं।

शैलेश - हां, क्या करोगे चाचा.. ख़ुद को जगाए रखने के लिए ये लोग शराब पीते हैं। पर नहीं समझते कि शरीर तो जग जाता है लेकिन दिमाग सो जाता है।

ललिता आंटी - ये कलमुंही शराब की कंपनियां बंद क्यों नहीं हो जाती। आए दिन इनकी वजह से कुछ न कुछ होता रहता है।

चाचा - हम्म.. एक तो शराब पीते हैं सब.. ऊपर से दोगुना तिगुना सामान भर लेते हैं और सड़क की हालत तो ऐसी हो गई है... सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क है.. पता ही नहीं चलता।

मां - पता है ललिता.. सुबह जब ये ऑफिस के लिए निकल रहा था। एक बिल्ली ने रास्ता काटा था। तभी मैंने इसे बोला था.. रुका जा थोड़ी देर.. पर ये है कि मेरी बात सुनता ही नहीं...

शैलेश - अरे मां... तू भी न..

शैलेश की बहन शालिनी जो चुपचाप इनकी बातें सुन रही थी। आश्चर्यचकित थी। सबकी समझदारी भरी बातों पर। आज ये लोग... जो कभी शराब को दोष दे रहें, कभी ड्राइवर को, कभी वहां की सड़क को और यहां तक की एक बिल्ली को.... क्या ये वही लोग हैं जो एक साल पहले कॉलेज से लौटते वक़्त जब मेरा रेप हुआ था तो मेरे चरित्र, मेरे दोस्तों, मेरी पढ़ाई, मेरे कपड़े और मेरी आज़ादी को दोष दे रहे थे। क्या इनके लिए मेरी ज़िंदगी मायने नहीं रखती थी। आज जो मां एक बिल्ली को दोष दे रही.. उस दिन.. मैंने उसकी इज़्ज़त मिट्टी में मिला दी ऐसा क्यों कही थी। मैंने क्या किया था? मेरी क्या ग़लती थी?? मैं भी तो क्लास कर बस अपने घर आ रही थी। जैसे ऐक्सिडेंट के बाद सभी भाई के साथ है.. उसे समझ रहे.. उसकी ग़लती नहीं निकाल रहें.. रेप के वक़्त भी ऐसा क्यों नहीं सोचा गया.. मुझे क्यों नहीं समझा गया?? ये ही लोग मेरी ग़लती क्यों निकाल रहे थे?? ऐक्सिडेंट में तो उसे शरीर पर चोट लगी है पर रेप के बाद मुझे जो शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक ज़ख़्म मिले थे... उस ज़ख़्म का दर्द किसी ने महसूस क्यों नहीं किया था???

"शालिनी... चार कप चाय ले आ", मां के इस आवाज़ से शालिनी का ध्यान टूटता है और वो अपने काम में लग जाती है।

शैलेश के शरीर पर लगी चोट तो कुछ महीनों में ठीक हो जाएगी पर शालिनी के मन पर लगी चोट शायद कभी ठीक नहीं हो पाएगी जिसके ज़िम्मेदार हम और आप जैसे लोग होंगे।

Comments

Popular posts from this blog

मुझे अपना घर छोड़कर, अपने घर को जाना है...

शब्द और रंग

School में पहला दिन....