इंतज़ार-2
चांद.. सुनो न, किसी शाम उसे भी लेते आना अपने साथ.. वो अपने छत से तुम्हें देख रहा होगा.. तुममें मुझको ढूंढ़ रहा होगा.. उसने कहा था- "चांदनी रात में चांद को देखना मैं भी देखा करूंगा.. उसमें तुम्हें ढूंढा करूंगा.. सुनो, तुम भी मुझे देखना.. आने वाले दिनों में जब हम साथ नहीं होंगे हमदोनो कुछ यूं ही मुलाक़ात करेंगे" चांद.. सुनो न, किसी शाम उसे भी लेते आना अपने साथ.. वो अपने छत से तुम्हें देख रहा होगा.. तुममें मुझको ढूंढ़ रहा होगा.. हां, मगर छोड़ देना.. गर वो तुम्हें किसी और के साथ देख रहा होगा.. तुममें किसी और को महसूस कर रहा होगा.. उस शाम.. उसे साथ आने के लिए मत पूछना मैं जानती हूं, वो मना कर देगा.. चांद.. सुनो न, उस शाम तुम बादलों में छिप जाना.. मुझे भी कुछ मत बताना.. मैं इक उम्मीद लिए हर शाम उस इक शाम का इंतज़ार करना चाहती हूं.. जब तुम उसे अपने साथ लाओगे..