हत्या - एक कहानी

"हत्या करने की सज़ा क्या होती है??? मैं कुबूल करती हूं... मैंने कई हत्याएं की हैं..." आइने के सामने खड़े होकर आकृति कभी ख़ुद से कभी आइने से बार-बार ये सवाल कर रही थी। 

आकृति ने दूसरों के लिए अपने कई ख़्वाबों और ख़्वाहिशों की हत्या की थी। लड़की थी न... हालात, महंगाई, उसूल, परंपरा, मर्यादा और इज़्ज़त के बोझ तले कई ख़्वाब मरे थे उसके। बहुत आसानी से उन ख़्वाबों को जिसे वो हक़ीक़त बनाना चाहती थी.. फैमिली मीटिंग में सब ग़लत साबित कर देते थे और इसके ख़्वाबों से बेहतर विकल्प सामने रख देते थे। अच्छी लड़की बनना चाहती थी हमेशा। मिडिल क्लास फैमिली में अच्छी लड़की की परिभाषा क ख ग की तरह बचपन में ही रटवा दी जाती है। इसलिए इसने कभी बड़ी ज़िद नहीं की। अपनों के आगे तीर कमान लेकर कभी खड़ी नहीं हुई थी। ये सभी के लिए बड़ी आम सी बात होती थी पर आकृति के लिए कितनी ख़ास थी.. न कोई समझ पाता था.. न वह किसी को समझा पाती थी। लेकिन एक बात से वो हमेशा परेशान रहती कि हर बार उसके ख़्वाब ग़लत कैसे हो जाते हैं। 

"तुमने दूसरों की हां को हां मानने के सिवा किया ही क्या है?? हर बार सबकी बातों में आ जाती हो.. तुम्हारी अपनी बातें/ अपनी सोच है भी या नहीं। ज़रूरत के हिसाब से तुम्हारी पसंद (choices) बदल जाती है। बचपन में सोहनलाल द्विवेदी की कविता 'कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती' पढ़ी ही थी या समझी भी थी। ख़्वाब सही या ग़लत नहीं होते.. कोशिश करनी पड़ती है, लड़ना पड़ता है। तब सफ़लता की कहानी बनती है। ख़ैर ताक़त चाहिए अपने ख़्वाबों को सही साबित करने की जो तुम में नहीं है", उसके दोस्तों की आवाज़ आज आइने से आ रही थी।

अपने सपनों के पूरा न होने का कसूरवार अब वो ख़ुद को मान रही थी। आदर्श भूषण की एक कविता में उसने पढ़ा था, "जीवन न्याय नहीं करती, मृत्यु न्याय करती है।" वो आत्महत्या कर ली। ये सोचकर की घरवाले, ये समाज अब किसी के ख़्वाबों की हत्या नहीं करेंगे। पर वो ग़लत थी।  ख़्वाहिशों की हत्या को जो लोग हत्या नहीं मानते। ख़्वाहिशों की वजह से आत्महत्या उनके समझ से परे है। 

हिंसा बस शारीरिक ही नहीं होती, मानसिक भी होती है। ये किसी एक आकृति की कहानी नहीं है। हमारे देश में ऐसी कई आकृति है जो अच्छी लड़की बनने के जद्दोजहद में टूट जाती हैं और कुछ झूठी मुस्कुराहट के साथ जीना सीख जाती हैं।

Comments

Popular posts from this blog

मुझे अपना घर छोड़कर, अपने घर को जाना है...

शब्द और रंग

School में पहला दिन....