वो सूखे पत्ते


वो पौधा जिसे मैंने और तुमने साथ लगाया था। जिसमें नई पत्तियां आने पर मैंने और तुमने साथ खुशियां मनाई थीं। ख़ुद से भी ज़्यादा जिसका हम दोनों ख़्याल रखते थें। वो पौधा अब थोड़ा बड़ा हो गया है। 

एक शाम जब मैं बालकनी में तेज हवा के बाद बारिश का इंतज़ार कर रही थी। पौधे से अलग हुए कुछ पत्ते जो कभी पौधे पर लगे थें और हम दोनों को बेहद ख़ुशी देते थें। मैंने देखा.. वो हरे-भरे, शीतलता के प्रतीक वाले पत्ते... डाल से अलग होकर वहीं नीचे पड़े-पड़े सूख गए हैं। शायद... तुम्हारे साथ नहीं होने की वजह से मैं अकेले इनका ख़्याल नहीं रख पाई थी या यह भी हो सकता है कि मौसम ही पतझड़ का चल रहा हो। ख़ैर वजह जो भी रही हो... पौधे से अलग हुए वो सूखे पत्ते शायद मुझे बताने की कोशिश कर रहे थें कि ज़िंदगी हमेशा हरी भरी नहीं रहती।

शाम की उस ठंडी हवा में वो सूखे पत्ते इधर-उधर सरकते मेरी कुर्सी तक आ गए... जहां बैठ... ख़्यालों में गुम मैं.. बारिश का इंतज़ार कर रही थी। पत्तियों के खर-खर की आवाज़.. मुझे ख़्वाबों की दुनिया से खींचकर यथार्थ में ले आई। मैंने उन्हें हाथों में उठाया। बड़े ध्यान से उन पत्तों को देख तुम्हें सोच ही रही थी कि दादी की आवाज़ आई.. "सूखे पत्ते लेकर क्या कर रही, फेंक दो उन्हें।" हां, सबके लिए महज़ वो सूखे पत्ते ही तो थें पर मेरे लिए नहीं... यह बात मैं दादी को नहीं समझा सकीं।

ख़ैर... मैं वो सूखे पत्ते बचाना चाहती थी। उन्हें हमेशा के लिए अपने पास और साथ रखना चाहती थी। ये वही पत्ते तो थे जो मेरे और तुम्हारे बीच के बंधन को हर दिन थोड़ा-थोड़ा कर मजबूत बनाए थें। ख़ुद से दूर कैसे जाने देती उन्हें। फिर क्या... मैं रंगों की शीशी निकाली। ब्रश उठाई। लाल, गुलाबी, हरा, नीला, पीला, भुरा लगभग सभी रंगों के मैंने उन सूखे पत्तों पर रंग भरें और एक पन्ने पर उनकी छाप उतार ली। 


वो सूखे पत्ते
आज भी टंगे हैं
शीशे की फ्रेम में
मेरे रूम की दीवार पर..
हां, बस रूप थोड़ा बदल गया है उनका..
पेड़ से अलग हुए वो सूखे हुए पत्ते बताते हैं
ज़िंदगी हमेशा हरी भरी नहीं रहती
बनानी पड़ती है...



 


Comments

  1. वाह ! बेहद खूबसूरत !

    ReplyDelete
  2. ज़िन्दगी के एक सच को बहुत खूबसरती से दर्शाया गया है

    ReplyDelete
  3. बेशक ज़िन्दगी सदैव हरि भरी नहीं रहती, पर ज़िन्दगी में हरि भरी यादें हमेशा जुड़ती रहती है। और ज़िंदगी बढ़ती रहती है।

    ReplyDelete

Post a Comment

Popular posts from this blog

मुझे अपना घर छोड़कर, अपने घर को जाना है...

शब्द और रंग

School में पहला दिन....