यादों का पुल
यादों का पुल बना कर एक-एक दिन पीछे जाती हूं जहां से शुरू हुई थी कहानी उन पलों को मन भर गुनगुनाती हूं.. महक उठती है तन्हाई जब यूं आंखें बंद कर के ख़्वाबों में तुम्हारे साथ को दोहराती हूं.. यादों का पुल बना कर यूं, बीते लम्हों में वापस जाना दोस्ती, प्यार फिर तुम्हारी नफ़रत समेट कर वहां से वापस आ पाना.. तुम क्या जानो कितना मुश्किल होता है मुसलसल ख़ुद को तड़पाना.. यादों का पुल बना कर एक-एक दिन पीछे जाती हूं ऐसे ही हर रोज वहां से अपने लिए ग़म चुन लाती हूं जहां ख़त्म हुई थी न अपनी कहानी मन भर, उस लम्हें तक जी आती हूं.. यूं ही कभी-कभी यादों का पुल बना कर तुम्हें सोचना, मुस्कुराना, फिर उदास हो जाना.. बताता है, तुम्हें अपने दिल के एक कोने में मैं अब भी बसा रखी हूं.. या कभी कभी अचानक से मेरा ख़्यालों में डूबना, फिर कलम उठाना, कोरे काग़ज़ पर तुम्हें अपने शब्दों में सजाना, अपनी डायरी से तुम्हारी पहचान कराना, अजीब तो है, पर अच्छा बहुत लगता है!!!