तुम किताब क्यों नहीं हो???


तुम उस किताब की तरह हो
जिसे पढ़ कर मैं हमेशा के लिए
अपने पास रखना चाहती हूं..
और हर रात सोने से पहले
पलटना चाहती हूं उसके कुछ पन्ने..
फिर सिरहाने रखकर
तुम्हारी कहानी में खो कर
मुस्कुराते हुए
या कभी
पलकों को आंसूओं से भिंगोकर
सो जाना चाहती हूं..
मैं तुम में खो जाना चाहती हूं..
आसूं भी उतने ही क़ीमती लगे जितने की मुस्कुराहट
मैं तुम में डूब कर तुमको इस क़दर पढ़ लेना चाहती हूं..
मैं तुम्हारी कहानी के हर एक शब्द को
अपनी चोटियों सा गूंथ लेना चाहती हूं
जिसे आईने के सामने बैठ, हर रोज संवारती रहूं..
अपने चेहरे की चमक में तुमको निहारती रहूं..
मैं तुमको खोने से पहले इस क़दर पा लेना चाहती हूं..
मैं तुम्हारे लम्स को महसूस करना चाहती हूं..
मैं तुमको हर्फ-दर-हर्फ याद कर लेना चाहती हूं..

पर अफ़सोस
तुम उस किताब की तरह हो
जिसे पढ़ कर मैं हमेशा के लिए
अपने पास रखना चाहती हूं
लेकिन तुम किताब नहीं हो..

तुम किताब नहीं हो
जिसे मैं बाज़ार जा कर खरीद सकूं
या ऑनलाइन मंगा सकूं...
सुनो, तुम किताब क्यों नहीं हो????
मैं किताबों से बहुत प्यार करती हूं..
किताबें खरीदने या पढ़ने के लिए
मुझे किसी से पूछना नहीं पड़ता..
और न ही इसके लिए मुझे कोई रोक सकता है..
सुनो, ऐसा करो...
मेरे लिए तुम किताब बन जाओ न..
मैं तुम्हें बहुत संभाल कर रखूंगी..
ज़िंदगी के आईने में तुम्हें सजा कर रखूंगी..
तुम किताब क्यों नहीं हो???
मेरे लिए तुम किताब बन जाओ न..

Comments

Post a Comment

Popular posts from this blog

मुझे अपना घर छोड़कर, अपने घर को जाना है...

शब्द और रंग

School में पहला दिन....