पिता को पत्र

डियर पापा,
चरणस्पर्श।

              आप सोच रहे होंगे हर शाम वीडियो कॉल पर अपनी मम्मी से मेरा हाल चाल लेने वाली बेटी आज मुझे पत्र क्यों लिख रही है। पापा, आज फादर्स डे है। कॉल पर शायद मैं वो बातें न कह पाऊं जो कहना चाहती हूं। या आप वो सारी बातें सुनने से पहले ही रोते हुए मम्मी को फोन पकड़ा दें। इसलिए पत्र लिख रही हूं। आपकी बेटी रिया का 30 साल की उम्र में आपके लिए यह पहला ख़त। 

आपने अब तक जो किया उसके लिए मैं 'थैंक यू' कहूं तो यह बहुत छोटा शब्द होगा। आपने मुझमें और भईया में कभी अंतर नहीं किया। भईया से ज़्यादा ही मुझे प्यार किया। मुझे याद है.. कैसे भईया मम्मी का बेटा और मैं आपकी बेटी हुआ करती थी। मुझे ये भी याद है.. कैसे हर मिडिल क्लास फैमिली के पिता की तरह मेरे बचपन से ही आपको भी मेरी शादी और दहेज़ की चिंता सताती थी और आप पैसे जमा किया करते थें। सच कहूं तो आपकी ये आदत मुझे बिल्कुल भी अच्छी नहीं लगती थी। पर जब भईया के इंजीनियरिंग कॉलेज में एडमिशन के बाद मेरे सपनों की बारी आई तो आपने मेरे सपने और मेरी शादी में से मेरे डॉक्टर बनने के सपने को ज़्यादा महत्व दिया। आप चाहते तो कह सकते थे कि हमारे लिए तेरे भईया की पढ़ाई ज़्यादा ज़रूरी है और फिर तेरी शादी भी तो है, इतने पैसे कहां से आएंगे कि तुझे मेडिकल भी पढ़ा सकूं। आपके दोस्त शर्मा अंकल ने भी तो आपको समझाया था, "बेटी है, कहां इतनी दूर भेजोगे??? कोई ऊंच-नीच हो गई तो। सोने का भाव दिन प्रतिदिन बढ़ रहा है। गहने बनवाओ। लड़का ढूंढ़ो और दो-चार साल में रिया बिटिया की शादी करा दो। ख़ुश रहेगी।" पर आपने उनकी बात नहीं मानी और कहा था, "आज मैं उससे बोलूं पैसे नहीं हैं और कल को जब इस पैसे से उसके लिए सोने के महंगे महंगे गहने खरीदूंगा तो क्या वो उन्हें ख़ुशी से पहन पाएगी?? शर्मा जी फिर मैं अपनी बेटी की मुस्कुराहट खरीदने कहां जाऊंगा...।" पापा, मैं वहीं दरवाजे के पीछे से आप दोनों की बातें सुन रही थी। आपकी ये बात मुझे बहुत अच्छी लगी थी।

फिर पिछले साल जब मेरी शादी की बात हुई। मम्मी ने आपको बताया, रिया किसी से प्यार करती है और उससे शादी करना चाहती है, वो भी डॉक्टर है पर दूसरी जाति का है। तब आप बहुत ज़्यादा नाराज़ हुए थे फिर भी आपने गुस्से में मुझे कुछ अपशब्द नहीं कहा था। शर्मा अंकल जो हर बार की तरह इस बार भी आग में घी का काम करने आ गए थें। उन्होंने जब कहा, "देख लो बेटी को पढ़ाने का नतीजा.. कितनी बिगड़ गई है.. हाथ से निकल गई है लड़की.. हर बार अपनी मनमानी करती है.. न जाने कौन से पाप का फल मिल रहा है तुम्हें.. मेरी तो आंखें भर आती हैं तुम्हारे बारे में सोचकर.. बताओ हमारे जमाने में ऐसा कुछ कहां होता था।" आपने चुपचाप उन्हें जाने को कह दिया था। भईया और मम्मी के समझाने पर आप हमारी शादी के लिए मान भी गए। अगले महीने शादी को एक साल हो जाएंगे। मम्मी बताती है, इस एक साल में आपने मुझे कितना याद किया है। पहले भी घर से दूर रही हूं पर आप दोनों के हमेशा क़रीब रही हूं। मेरे हर सपने का ख़्याल रखने के लिए आप दोनों को बहुत बड़ा वाला थैंक यू... उपहार के तौर पर हमारी एक पुरानी तस्वीर भेंज रही हूं। घर में लगा लीजिएगा।


आपकी बेटी
 
 रिया अर्चना

Comments

Post a Comment

Popular posts from this blog

मुझे अपना घर छोड़कर, अपने घर को जाना है...

शब्द और रंग

School में पहला दिन....