मैं ख़ुद से मिलना चाहती हूं
मैं ख़ुद से मिलना चाहती हूं..
मैं ख़ुद का साथ पाना चाहती हूं..
मेरे अंदर एक "लड़की" है
इस दुनिया की भूल
मैं उसकी सुनना चाहती हूं..
वो लड़की मेरा आधा हिस्सा है..
वो लड़की मेरा अधूरा किस्सा है..
वो लड़की जिसे मैंने हर बार मारा है..
वो लड़की जिसे मैंने सभ्यता, संस्कृति और
परंपराओं के नाम पर बांध कर रखा है..
आज इस लड़की के साथ मैं जीना चाहती हूं..
आज इस लड़की को हर बंधन से आज़ाद करना चाहती हूं..
वो लड़की जो मेरे अंदर ख़ामोश रहती है..
वो लड़की जिसकी हर बात मैंने अनसुनी की है..
वो लड़की जिसके अस्तित्व को
दूसरों की ख़ुशी के लिए
हर बार मैंने नक़ारा है..
आज इस लड़की की मैं सारी बातें सुनना चाहती हूं..
आज इस लड़की से जी भर बातें करना चाहती हूं..
वो लड़की जो उड़ना चाहती थी
पक्षियों की तरह
खुले आसमान में
बिना किसी रोक-टोक के..
अपने सपने को जीना चाहती थी
बिना किसी खौफ के..
पर इस दुनिया के डर से
बड़ी मुश्किल से मैंने उसे समझाया था,
"मौत और ज़िंदगी के बीच फंसी ख़ामोशी है तू
संभल के रह.. अरे.. इक लड़की है तू"
मेरी ये बात उसे बिल्कुल भी पसंद नहीं आयी थी
रोई.. पांव पटकी और गुस्साई थी वो..
लेकिन फिर भी मेरा हर कहना मान
अपने ख़्वाबों को फ्रेम करा
दीवार पर टांगी थी वो..
आती जाती चुपचाप निहारती थी उन्हें
शिक़ायत नहीं करती
पर अंदर बैठ बहुत रोती थी वो..
आज इस लड़की को मैं
समझदारी के हर बंधन से मुक्त करना चाहती हूं
आज इस लड़की के साथ मैं खिलखिला कर हंसना चाहती हूं
सुनना चाहती हूं उसके हंसी के ठहाके
आज इस लड़की से मैं गले लग तकिया भिंगोना चाहती हूं
आधी मैं जो इस दुनिया को नज़र आती हूं..
आधी वो जो उम्मीदों के टूटने से
ज़िंदा रहते हुए भी हर रोज मरते आई है..
आज मैं उसकी ख़ुशियां चाहती हूं
दुनिया गर इसे ग़लत कहती है तो कहे
आज इसे "लोग क्या कहेंगे" से मैं आज़ाद करना चाहती हूं..
आज अपने इस आधे हिस्से के लिए मैं ग़लत नहीं होना चाहती हूं
आज मैं अपने लिए जीना चाहती हूं..
अब इसे तुम स्वार्थ कहते हो तो ठीक है
आज मैं अपने अंदर की इस लड़की के लिए स्वार्थी होना चाहती हूं..

Behatarin...lekin adhiktar larkiyo k khwab frame hoke he rah jate h dear
ReplyDelete(Hi mam I am Krishant)
ReplyDeleteNice drawing