मेरा बचपन कहीं खो गया है



बचपन में ख़ुशी की परिभाषा कितनी सरल थी। बड़ा आम लेकर या लाल तरबूज देखकर ही दिल खुश हो जाता था। स्कूल में टीचर्स से मिला एक 'गुड' या 'वेरी गुड' तो पूरा दिन अच्छा बना देता था। दोस्तों से झगड़े के बाद एक उंगली मिलाने से बातें बन्द तो दस मिनट बाद दूसरी उंगली मिलाने से बातें शुरू भी हो जाती थी। बातें करने की समझदारी नहीं थी फिर भी कम्युनिकेशन गैप नहीं होता था। कहानियां कैसे लिखी जाती, इसकी कोई जानकारी नहीं थी पर कहानियां बनाने अच्छे से आता था। ग़लती करने पर मम्मी से मार के बाद मम्मी के लिए ही आंसू निकलते थे। परियों की कहानियां सच लगती थी। दीवाली में अच्छे कपड़े पहनकर और दशहरा में मेला घूम कर बेहद ख़ुश हो जाते थे। बहुत ज़्यादा की चाह नहीं रहती थी, बस अपने पसंदीदा रंग की बैलून और उड़ाने के लिए एक पतंग चाहिए होती थी। या फिर 'शाका लाका बूम बूम' वाली जादुई 'पेंसिल'। वो मासूम, प्यारा और नासमझ बचपन.... आज बहुत याद आता है।

ऐसा नहीं है कि उस वक़्त उलझन और परेशानी नहीं थी। पेंसिल छिल के सुंदर राइटिंग में लिखना होता था और पेंसिल छिलने से उसके छोटे होने की भी टेंशन थी। छोटे-मोटे सरल और मासूम सवाल भी बहुत थे। जैसे- कितनी दूर जाने पर ये आसमां और ज़मीन आपस में मिलते हैं?? आसमां छूने के लिए नादान बचपन उतनी ही दूर जाना चाहता था। सीढ़ियां, नीचे से ऊपर जाती हैं तो आसमां तक जाने की 'सीढ़ियां' कोई क्यों नहीं बनाता?? पैदल चल कर या सीढ़ियां चढ़ कर दिल एक बार आसमां तक जाना चाहता था। पृथ्वी घूमती है तो हमारा घर क्यों नहीं घूमता?? बादल में पानी कौन भरता है?? ये सांता गिफ्ट ले कर आता है तो हमारे घर क्यों नहीं आता?? चांद 'मामा' और बिल्ली 'मासी' क्यों होती है?? ये गंगाधर गोल-गोल घूमकर शक्तिमान कैसे बन जाता है??

ख़ैर अब बड़े हो गए हैं। समझदारी भी आ गई है। अब आम और तरबूज या पतंग और बैलून हमें ख़ुश नहीं कर पाते। गुड, वेरी गुड तो अब मिलते ही नहीं हैं। दोस्तों से एक बार झगड़ा हो जाए तो अब महीनों बात नहीं होती। परियों की कहानी का भी सच पता है। सारे सवालों के जवाब भी मिल गए हैं। पर वो बचपन जहां सब कुछ सही होता था। वो बचपन जहां रोने और हंसने की कोई खास वजह नहीं होती थी। वो बचपन जो बस खुशियां लाता था, कहीं गुम हो गया। सच कहूं तो

"मेरा बचपन कहीं खो गया है"
बहुत ढूंढ़ा
बिस्तर के नीचे,
दरवाजे के पीछे,
छत पर....
पर, कहीं नहीं मिला
शायद मेरी समझदारी में गुम हो गया है...

Comments

Popular posts from this blog

मुझे अपना घर छोड़कर, अपने घर को जाना है...

शब्द और रंग

School में पहला दिन....