अधूरी आज़ादी


मैं ही हूं वो "आज़ादी" जिसका जश्न
हर साल 15 अगस्त को मनाते हैं..
364 दिन गुलाम रहने वाले भी
इस एक दिन आज़ाद कहलाते हैं..
मैं ख़ामोश रह जाती हूं, जब
सभ्यता संस्कृति, गरीबी और उंच-नीच के जाल में फंसी
महिलाएं, गरीब बच्चें और दलित
मेरी मौजूदगी पर सवाल उठाते हैं..

मैं आज़ादी हूं। वही 15 अगस्त वाली। सभी जानते हैं मेरे बारे में। पर हर कोई पहचानता नहीं। साल में दो बार 26 जनवरी और 15 अगस्त को बड़े शान से मैं भारत की सड़कों पर निकलती हूं। साल के बाकी दिन तो इस देश की लड़कियों के दुपट्टे में, झूठे बर्तन मांज रहे छोटे बच्चों की हाथों में और जात पात के बीच फंसे दलितों के आत्म विश्वास में छिपी रहती हूं।

आज आज़ादी को इतने साल हो गए
पर हम आज़ाद होकर भी गुलाम हो गए
हम आज़ाद हो गए अंग्रेजों से
पर अपनी ही मानसिकता के गुलाम हो गए

नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़ों के मुताबिक रोज 100 से अधिक महिलाओं से रेप होता है। तुम इंसान तो बच्चियों तक को नहीं छोड़ते। 2011 के आंकड़ों के अनुसार हर 90मिनट में एक दुल्हन दहेज़ की वजह से मरती हैं। हर साल एसिड अटैक के 250-300 मामले दर्ज होते हैं। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के एक रिपोर्ट के अनुसार भारत में 68% लड़कियों को रोजगार और 17% को शादी के नाम पर वेश्यालयों तक पहुंचाया जाता है। लड़कियों के बाहर निकलने पर रोक टोक लगाते हो। कम उम्र में उनकी शादी करते हो।

इसके अलावा बाल मज़दूरी के आंकड़ों को देखे तो जब 2011 जनगणना हुई थी तब इस देश में 1 करोड़ से ज़्यादा बाल मजदूर थे। और अभी चल रहा है साल 2019...। आंकड़ों का अंदाज़ा लगाया जा सकता है। कारण??? वही गरीबी और अशिक्षा। रेस्तरां और होटल में खाने जाने की उम्र में बच्चें, वहां जूठे बर्तन धुलते हैं। पटाखे फोड़ने की उम्र में पटाख़े और कोयले की कारखानों में काम करते हैं। मेला घूमने जाने की उम्र में मेले में खिलौने बेचते हैं। नेशनल क्राइम ब्यूरो रिकॉर्ड के मुताबिक देश में हर रोज 290 बच्चे ट्रैफिकिंग, जबरन मजदूरी, बाल विवाह, यौन शोषण जैसे अपराधों के शिकार होते हैं। इन्हें क्या पता मैं (आज़ादी) कौन हूं।


दलित और आदिवासी समाज... इन्हें 15 अगस्त वाली आज़ादी तो मिली पर समानता नहीं। संविधान ने समानता का अधिकार, शिक्षा का अधिकार सभी को दिया हैं। लेकिन हर किसी को मिला नहीं। 

मैं आज़ादी हूं... मैं तारीखों की मोहताज नहीं। बहुत दुख होता है, जब आज भी देश की हर एक महिला नहीं कह सकती कि वो आज़ाद हैं। ग़रीब बाल मजदूर नहीं कह सकते कि वो आज़ाद हैं। दलित और आदिवासी समाज का हर एक शक्स नहीं कह सकता कि वो आज़ाद हैं। आज़ाद ख्याल और आज़ाद ज़िंदगी अब भी इस देश में बहुत से लोगों के लिए एक सपना हैं। इनकी ज़िंदगी में अब भी मेरा कोई अस्तित्व नहीं है। ये सब मुझ से अब भी बहुत दूर है। ये सब अब भी आज़ादी का इंतजार कर रहे।


कलकत्ते के फुटपाथों पर जो आंधी-पानी सहते हैं, 
उनसे पूछो  पन्द्रह अगस्त के बारे में क्या कहते हैं। 
इंसानजहां बेचा जाता, ईमान खरीदा जाता है। 
इस्लाम सिसकियां भरता है, डाॅलर मन में मुस्काता है।
बस इसीलिए तो कहता हूं, आज़ादी अभी अधूरी है। 
कैसे उल्लास मनाऊं मैं, थोड़े दिन की मजबूरी है।’’ 

                                        - अटल बिहारी वाजपेई

Comments

Popular posts from this blog

मुझे अपना घर छोड़कर, अपने घर को जाना है...

शब्द और रंग

School में पहला दिन....