आधी आबादी और एक दिन - 2
8 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस। महिलाओं का दिन। महिलाओं के लिए सम्मान दिखाने का दिन। उनके लिए अच्छी अच्छी बातें लिखने का दिन। उनके विकास के लिए सोचने का दिन। उनके मदद के लिए आगे आने का दिन। उन्हें सम्मानित करने का दिन। साल के 365 दिन में से इस आधी आबादी के लिए जीने और अपनी अहमियत बताने का यह एक दिन। 8 मार्च
साल के बाकी दिनों के हिसाब में महिलाओं के हिस्से बलात्कार, एसिड अटैक, भ्रूण हत्या, वैश्यावृत्ति, सेक्सुअल हरासमेंट, घरेलू हिंसा, ऑनर किलिंग, इत्यादि हैं।
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो एनसीआरबी) के 2016 के अध्ययन अनुसार 2015 में महिलाओं के खिलाफ अपराधों की संख्या 3,29,243 थी जो 2016 में बढ़कर 3,38,954 हो गई।
भारत में बलात्कार की बात करूं तो 2016 में एनसीआरबी के मुताबिक कुल 34651 मामले दर्ज हुए जिनमें 19,765 बच्चियों के साथ बलात्कार के थे। 2015 में बलात्कार की कुल संख्या 25 हज़ार थी। एक साल में लगभग 10 हज़ार की बढ़ोतरी। यानी देश में हर घंटे बलात्कार के कहीं न कही चार मामले दर्ज होते हैं।
दहेज़ की वजह से हर घंटे एक महिला की हत्या की जाती है। केंद्र सरकार की जुलाई 2015 के आंकड़ों के मुताबिक, तीन सालों में देश में दहेज़ की वजह से 24,771 महिला की हत्या की गई हैं।
इसके अलावा भारत में हर साल एसिड अटैक के 250-300 मामले दर्ज होते हैं।
ऑनर किलिंग यानि सम्मान के नाम पर की जाने वाली हत्या। सभ्यता, संस्कृति और परम्परा के नाम पर अपनों की जिदगी अपनों के द्वारा ख़तम किया जाना। आंकड़ों के मुताबिक 2014-2016 के बीच ऑनर के नाम पर 300 लोगों की हत्या की गई।
हमारे देश में भ्रूण हत्या के आंकड़े सीमित हो सकते हैं लेकिन बेटे की चाह रखने वालों, बेटे और बेटी के अधिकारों में पक्षपात करने वालों की संख्या अनगिनत है। घरेलू हिंसा, महिलाओं को पीटना और उन पर चिल्लाने को तो लोग गलत ही नहीं मानते।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के एक रिपोर्ट के अनुसार भारत में 68% लड़कियों को रोजगार और 17% को शादी के नाम पर वेश्यालयों तक पहुंचाया जाता है।
सब तो बेचा जाता है, यहां कोयले से लेकर हीरा तक
कटे हुए बाल, मरी हुई मुर्गी और सुअर का गोश्त तक
तो वे लोग क्यों शर्मिंदा हों जो औरतें बेचते हैं???
- एकता नाहर
ताज्जुब करने वाली बात तो ये है कि ये उस देश के आंकड़े हैं जिस देश में महिलाओं को देवी का दर्जा दिया जाता है। और ये आंकड़े इसके दोगुने भी हो सकते हैं क्योंकि ऐसे कई मामले हैं जिनकी रिपोर्ट ही नहीं कराई जाती।
दुनिया है हमसे शुरू, है हम पर ये ख़तम
फिर न जाने क्यों, दुनिया वाले ढाहे हम पर ये ज़ुल्मो सितम
ख़ैर आज 8 मार्च है। यानी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं।


Comments
Post a Comment