तुम बहुत खुश थी उस दिन


तुम बहुत खुश थी उस दिन
क्योंकि तुम्हारी शादी थी..
हां, मैं भी बहुत खुश था उस दिन
क्योंकि तुम्हारी शादी थी..
पता था, तुम मुझसे दूर चली जाओगी..
पर यक़ीन था, मेरे साथ बिते लम्हें को भूला नहीं पाओगी..

तुम बहुत खुश थी उस दिन
क्योंकि तुम्हारी शादी थी..
हां, मैं भी बहुत खुश था उस दिन
क्योंकि तुम्हारी शादी थी..
तुम अंदर अपने कमरे में तैयार बैठी थी
और मैं बाहर खड़ा अंदर नहीं जाने के खुद से वादे कर रहा था..
पर अंदर जाना पड़ा..
तुम बहुत खूबसूरत दिख रही थी..
बिल्कुल वैसे ही जैसे परियों की कहानी में परियों की तारीफ़ सुनी थी..
दिल तो किया
फोन निकालूं
और कैद कर लूं तुम्हें
जैसे सब कर रहे थे..
पर मैं तो अलग था न इन सब से..
ये दिल ही था
जिसने फिर ऐसे करने की
इजाज़त नहीं दी..

तुम बहुत खुश थी उस दिन
क्योंकि तुम्हारी शादी थी..
हां, मैं भी बहुत खुश था उस दिन
क्योंकि तुम्हारी शादी थी..
और ये बात न मैने दिल और दिमाग
दोनों को बख़ूबी समझा दी थी..
पर आंसू... तुम तो जानती हो
ये कहां बात मानते है
निकल आये, तुम्हीं बताओं क्यों न निकलते आंसू
ऐसा पहली बार था, जब हम एक ही जगह थे
और मैं तुमसे इतनी दूर बैठा था..
तुम्हारे लिए इतना खास दिन
और मैं तुम्हारे पास तक नहीं था..
सब तुम्हारे साथ फोटो क्लिक करा रहे थे
और हम साथ में सेल्फियां भी नहीं ले रहे थे..
इतने सालों का रिश्ता
और ये आख़िरी चेयर
जहां मैं अकेले बैठ
अपने ख्यालों के ताने बाने बुन रहा था..

हां, सबकी नज़रों से छिपा के
तुमने जिस बच्चे को
मुझे अपने पास बुलाने के लिए भेजा था न
वो आया था...

काश........ 
काश कि मैं भी उस बच्चे जितना छोटा होता...
जो बिना कुछ सोचे-समझें,
बिना किसी झिझक के,
बिना किसी गैर के बातों की परवाह किए,
झट से तुम्हारे पास दौड़ कर चला आता!!!!!
हां, वही गैर जो तुम्हारे अपने हो गए थे
और मैं जो तुम्हारे बहुत करीब था, आज ग़ैरों में शामिल..
सोच के बताओ जरा, क्यों नहीं निकलते आंसू...

चलो किसी को तो नज़र आया मैं
और मेरा हाथ पकड़
तस्वीर लेने के लिए उन्होंने तुम्हारे बगल में खड़ा कर दिया..
मेरे लिए तो किसी फरिश्ते से कम नहीं थी वो..
तुम मासूम बच्चे सी मेरी आंखों में देख रही थी..
और मैं आंसू छिपाने की नाक़ाम सी कोशिश कर रहा था..
दिल तो कर रहा था
तुम्हे गले लगाऊं
खूब रोऊं
हाल ए दिल बयां कर दूं
जैसे अब तक करते आया था..
लेकिन आज, आज हालात वैसे नहीं थे..
हम एक दूसरे के पास खड़े थे
पर बोले कुछ भी नहीं..
ऐसी ख़ामोशी तो तब भी नहीं छाई थी
जब हम दूर होते थे..
हां, तब मेरे दोस्तों ने गुस्से में तुम्हे कुछ कह दिया था..
पर यकीं मानो रोए वो भी थे..
बस खुद को तुम्हारे सामने कमजोर नहीं दिखाना चाहते थे..
तुम्हें कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता
तो मुझे क्यों..
बस ये एहसास दिलाना चाहते थे..

तुम बहुत खुश थी उस दिन
क्योंकि तुम्हारी शादी थी..
हां, मैं भी बहुत खुश था उस दिन
क्योंकि तुम्हारी शादी थी..
अच्छा सच बताना,
तुम भी मेरे वहां आने का इंतज़ार कर रही थी न..
मुझे पता है,
स्टेज पर बैठ तुम्हारी नज़रें  भी मुझे ढूंढ रही थी..
अगर ये झूठ हो न तो मुझे कभी सच का पता मत चलने देना
मैं और टूट जाऊंगा...


Comments

  1. true. story of many couples..... achha likhi ho

    ReplyDelete
  2. True story bht Se couple ke life ki ye lines h....
    Dill ko chhu gya.gamo ko fir se tajki aa gai jo hona tha o ho gya ab Toh Bs ek hi Bt h Tum khush raho or tmhe dekh ke me khush rahunga

    ReplyDelete

Post a Comment

Popular posts from this blog

मुझे अपना घर छोड़कर, अपने घर को जाना है...

शब्द और रंग

School में पहला दिन....