उम्मीद

टन-टन, टन-टन
घंटी बजाता..
मोहल्ले में आया..
हवा मिठाई (कॉटन कैंडी) वाला।

वो बूढ़े से काका
माथे पर शिकन और
कंधे पर जिम्मेदारियों का बोझ लिए..
एक लंबे से डंडे पर
छोटे-छोटे पैकेट में
हवा मिठाई के 4 से 5 छोटे-छोटे बॉल्स..
घंटी बजा के बच्चों को
अपने आने की ख़बर दे रहे थे।

कीमत ज़्यादा नहीं थी,
एक पैकेट की..
मात्र दो रुपए..
फिर भी खरीददार नहीं थे।

चेहरे पर उदासी लिए
काका आगे बढ़ रहे थे।

तभी थोड़ी दूर कुछ बच्चें खेलते दिखे,
शायद वहां बिक्री हो जाए
ऐसा सोच
मन ही मन वे खुश हुए।

घंटी बजाते हुए
बुढ़िया के बाल लो
कहते हुए
काका वहां पहुंच
अपने घंटी और शब्दों से
जादू चलाने की कोशिश कर रहे थे..

पर बच्चें सभ्य थे थोड़े
हंसे,
बुढ़िया के बाल..
उनमें से कुछ के
घरवाले भी थे वहां..
चाहते तो सारे पैकेट्स खरीद
काका की मायूसी कम कर सकते थे..
पर नहीं....

काका को वहां से जाना मुनासिब लगा,
पलटे तो देखा
एक छोटा सा बच्चा
फरिश्ता बन
नन्हें-नन्हें कदमों से
काका की ओर बढ़ रहा था..

उसके कपड़े मटमैले थे
चेहरे पर भी धूल मिट्टी लगी थी
इस सभ्य समाज का नहीं था वो...
पैसे भी नहीं थे शायद उसके पास..
यह समझते ही काका आगे बढ़ने ही वाले थे कि
बच्चा रोने लगा
काका ने अपने बढ़ते क़दम पीछे कर लिए...
वो गरीब बच्चा हवा मिठाई चाहता था
और काका उसे बेचना...

दोनों एक दूसरे के पास आकर,
एक दूजे से उम्मीद लगाए,
एक दूसरे को एक टक देख रहे थे!!!
दोनों ही ये अलगाव नहीं चाहते थे!!!




Comments

Popular posts from this blog

मुझे अपना घर छोड़कर, अपने घर को जाना है...

शब्द और रंग

School में पहला दिन....