" माँ "
कैसे पिरोऊँ माँ आज तुम्हे मै शब्दों में, सच कहुँ तो तुम्हारी ममता को यूँ शब्दों में बाँध पाना बेहद ही मुश्किल है। जितना भी लिखो तुम्हारी शख्सियत के बारे में कुछ न कुछ हर बार अधुरा रह जाता है। माँ तुमसे हमारा एक जादुई रिश्ता होता है जिसमे बाते हमेशा बोल के नहीं बतानी होती। तुम हमारी कई अनकही बातें भी समझ जाती हो। हम बच्चो के लिए तुम एक नायाब तोहफा हो माँ। जो हमे इस दुनिया में लाने के बाद से अपना सारा वक्त हमे ही देती। तुम्हारी प्राथमिकता होते है हम। हमारी ख़ुशी से ही तुम्हारी ख़ुशी जुड़ी होती है। और हमारी उदासी से तुम्हारी मुस्कुराहट भी तक़लीफ में बदल जाती है। जैसे- जब भी बच्चों की तबियत खराब होती है, तुम्हारे चेहरे की हँसी छीन जाती है, कहीं और से ख़ुशी की ख़बर भी आए तो तुम ख़ुश नहीं होती। पूरे दिन हमारा ख़्याल रखती। बच्चे भी उस वक्त यही चाहते है कि तुम बस उन्हें गोद मे लिए बैठे रहो, कोई काम करने मत जाओ, यूँ ही सर पे हाथ फेरती रहो। लेकिन जब कभी तुम्हारी तबियत ख़राब होती, आराम भी नहीं करती , घर के सारे काम करती , हमारे लिए खाना भी बनाती। और अगर आराम भी करती तो तुम्हे यही चिंता सताती रहती कि सबने खाना खाया या नहीं।
मै अपनी माँ की बात करूँ तो उन्हे पूरे दिन यही टेंशन रहती है कि मै नाश्ता की या नहीं, खाना खाई या नहीं। स्कुल के दिन मुझे अब भी याद है जब मै स्कुल जाने के लिए तैयार होती रहती थी, माँ खुद अपने हाथो से नाश्ता कराती थी। दादी माँ नाराज़ भी होती थी, लड़की है बड़े होकर ससुराल जाना, ऐसे आदत मत बिगाड़ो। Actually दादी माँ को डर रहता था - "अगर मेरी यही आदत रही माँ के खाना खिलाने पे खाना खाई, नहीं तो बिना खाए चली गई, फिर तो मै ससुराल मे भुखी रह जाऊँगी, वहाँ सास थोड़े खिलाएगी"। दादी माँ चाहती थी हम (मै और मेरी बहन) सारे काम खुद से करना सीखे और माँ कहती, सीख जाएगी और स्कूल से आने के बाद एक बड़े से कटोरे खाना लाती थी माँ, हम तीनो भाई- बहन को कहानी सुनाते हुए एक साथ खिलाती थी। कभी राजा-रानी की कहानियाँ होती थी तो कभी हममें से किसी के बचपन के किस्से। सुन के बड़ा मज़ा आता था। हम तीनो तो लड़ते भी थे, पहले मेरी बाते तो पहले मेरी। माँ के पास हर झगड़े का हल होता है, बड़ी मै तो मेरे बचपन से कहानियाँ शुरू होती थी। इसी में खाना भी खत्म हो जाता था। लेकिन अगर खाना खत्म होने से पहले हम तीनो मे से कोई बोला "माँ अब नहीं" तो माँ कहती "खाना खा के सोने के बाद बिल्ली आएगी, पेट छु के चेक करेगी, नहीं भरा रहा तो उठा के ले जाएगी " हमलोग डर से खा लेते थे। सच, माँ, कितना ख़्याल रखती हो अपने बच्चों का तुम और कितनी ज्यादा स्ट्रांग भी होती हो। तुम जितना हमारे लिए करती हो, काश हम सब भी तुम्हारे लिए उतना ही कर पाते। तुम्हारे ये एहसानो की गिनती हम कभी नहीं कर सकते क्योंकि तुम हमारी हर छोटी सी छोटी बात का और सारे कामो का ध्यान रखती हो। हमारे बचपन में हमे स्कूल के लिए तैयार करने से बैग सरियाने से और हमारा होमवर्क कराने तक। जब थोड़े बड़े होते तो सुबह स्कुल काॅलेज के लिए उठाने से लेकर अगर लेट हो रहा हो तो जल्दी-जल्दी अपने हाथो से नाश्ता कराने तक। हममें संस्कार भरने और सही ग़लत का फर्क समझाने तक सबका श्रेय तुम्हे ही तो जाता है माँ। आज मै जो कुछ भी हूँ वो तुम्हारे वजह से ही तो हूँ। काॅलेज, Tution और शो (as an RJ) सब एक साथ कर पा रही तो सिर्फ तुम्हारी वजह से माँ।
आज मदर्स डे पर पूरे दिन दिमाग मे यही सब चलता रहा कि तुम हमारे लिए कितना कुछ करती और हम तुम्हारे लिए इसका एक भाग भी नहीं कर पाते । सब सोचते हुए घर आई और छत पे गई, देखी बहुत से बंदर आए हुए है । वो भी अपने बच्चों को वैसे ही गोद में लिए हुए है जैसे हमारी माँ लेती है ।
कुछ नया नहीं देखी थी । जब वाराणसी में थी, अकसर ही देखती थी, दिन में शायद 5-6 बार, इस तरह से अपने बच्चें को लेकर घुमते हुए । पर, शायद आज अलग नजरिये से देखी थी, इसलिए इतना अच्छा लगा । तभी चाची रोटी और केला लेकर आई इन्हे देने के लिए । देखी छोटा वाला बंदर माँ की गोद से निकलकर दुसरे साइड केले की तरफ जाने लगा ।
मै मुस्कुराई कि ये देखो इसे । फिर अगले पल ही ध्यान आया कि कुछ इंसान भी तो यही करते है । पैसे कमाने या थोड़े से पैसे के लिए माँ को छोड़ देते । जो माँ उन्हे जन्म देती है । उंगली पकड़ के जिन्हे चलना सिखाती है । तबियत ख़राब हो या एग्जाम हो, आपके साथ जागती है । आपके जीत मे ताली बजाती है । आपकी हार मे आपसे ज़्यादा रोती है । भगवान से मन्नते माँगती है । आपके पिता से आपकी जिद् मनवाने के लिए लड़ती है । कुछ लोग इस माँ को वृद्धाआश्रम छोड़ आते ।
और फिर दिमाग में बहुत सी बाते चलने लगी .....



Comments
Post a Comment