साल 2020


आम तौर पर साल के पहले दिन हम वे सारी चीजें करना पसंद करते हैं जो हमें उस पूरे साल चाहिए.. नए कपड़े.. अच्छे पकवान.. मौज़ मस्ती.. और टेंशन फ्री लाइफ..!! मेरे 2020 की शुरुआत ओपन माइक, आउटडोर पेंटिंग और दोस्तों के साथ पार्टी से हुई.. ये बिल्कुल वैसी शुरुआत थी जो मुझे पूरे साल चाहिए थी.. 

जनवरी में आउटडोर पेंटिंग एग्जिबिशन के अलावा मुझे दो और पेंटिंग एग्जिबिशन में हिस्सा लेने का मौक़ा मिला। दूसरे एग्जिबिशन में लगी मेरी एक पेंटिंग "हथेलियों में क़ैद ज़िंदगी" प्रभात खबर की खबर बनी। जनवरी के बाद आया फरवरी.. ज़िंदगी में अनजान लोगों की दस्तक हुई। फरवरी ने अचानक से साल हीं नहीं पूरी ज़िंदगी की कहानी लिखने का ज़िम्मा अपने हाथ में ले लिया।

फिर आया मार्च.. वही लॉकडाउन वाला महीना.. पर लॉकडाउन से पहले अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के कार्यक्रम में लगी मेरी पेंटिंग और कविता मैं ख़ुद से मिलना चाहती हूं लोगों को बहुत पसंद आई। फिर शुरू हुआ लॉकडाउन। ज़िंदगी में बेहद ज़रूरी लगने वाली हर वो चीज़ जिसे हमने प्रायोरिटी वाली लिस्ट में सबसे ऊपर टैग की थी, लॉकडाउन ने उन्हें बेमतलब की कर दी। सुबह उठकर काम पर जाना और शाम में वहां से लौटना.. सुबह से शाम के इस भाग दौड़ में शायद हम ज़िंदगी जीना भूल गए थे। 2020 ने मुझे अपने लिए जीना और अपनी चीज़ों को महत्त्व देना सिखाया। 

मार्च से शुरू हुए लॉकडाउन में मेरे दो दोस्त रंगों और शब्दों ने मुझे कभी अकेला नहीं रहने दिया। पूरे साल मैंने पेंटिंग की और आर्टिकल लिखें। अप्रैल से शुरू हुआ ऑनलाइन क्लास.. फोन पर बच्चों को पढ़ाना.. ये एक अलग हीं अनुभव हुआ। मई भी ऐसे हीं बच्चों को पढ़ाने, उनके लिए विडियोज बनाने, पेंटिंग बनाने, ब्लॉग्स लिखने और एक अजनबी को जानने में निकल गया। इन सबसे समय चुरा कर थोड़ा समय नींद को भी दी।

जून में एक दोस्त ने बताया, "मिनिस्ट्री ऑफ टूरिज्म की तरफ़ से 'कंस्टीट्यूशन डे' पर ऑनलाइन पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई है, उसमें एक पेंटिंग बनाकर भेजें।" बहुत सोचने के बाद और एक दोस्त की मदद से पेंटिंग बनाकर मेल कर दी जिसका परिणाम जुलाई में आया। इस पेंटिंग ने मुझे मेरा पहला नेशनल अवॉर्ड दिलाया। 

2020 में लॉकडाउन लगने की वजह से जब अधिकांश लोगों की नौकरी जा रही थी, जुलाई में मुझे The Logically पर स्टोरीज लिखने का ऑफर मिला। अच्छा लगता है, जब हमारे नाम सेेेे हमारी लिखी कहानियां पोस्ट होती हैं। फिर अलग-अलग तरह की कई स्टोरीज लिखने का मौक़ा मिला। अपने शहर के लोगों से बात कर उनकी स्टोरीज करने का भी अवसर मिला।  

इसके बाद लॉकडाउन वाले खाली समय ने एक अनजान शख़्स को दोस्त बनने में मदद की। मैं अलग-अलग विषयों पर पेंटिंग्स बनाती और वह मेरा पोट्रेट और मेरे लिए पेंटिंग बनाता। ऐसे हीं ज़िंदगी चलती रही और अगस्त आ गया। स्कूल में हमनें लॉकडाउन के नियमों का पालन करते हुए पहली बार ऑनलाइन इंडिपेंडेंस डे सेलिब्रेट किया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हीं SANclara द्वारा आयोजित ऑनलाइन नेशनल इवेंट में मेरी कविता ने भी मुझे प्रथम स्थान दिलाया।


सितंबर में मैंने काग़ज़ और कैनवास से अलग दीवारों को भी रंगों से ख़ूबसूरत बनाना सीखा। छोटे-छोटे स्विच बोर्ड पेंटिंग्स से किए गए शुरुआत ने अक्टूबर तक हॉल के दीवार तक को रंगने का आत्मविश्वास भर दिया। सच... रंग किसी भी बेजान चीज़ में जान डाल देते हैं।

पूरे लॉकडॉउन में मैंने पेपर और दीवारों पर इतने पेंटिंग्स बनाए कि नवंबर आते-आते मेरे पापा को भी मेरी चीजें अच्छी लगने लगी। मैं दीवारों पर रंग भरती और पापा मेरे पास खड़े होकर पूछा करते, "ये पत्तियां हैं?? ये झूला है क्या?? ये पेड़ बनाई हो??" ख़ैर इसी नवंबर ने मेरी कविता मुझे अपना घर छोड़कर अपने घर को जाना है को सच कर दिया। शादी से कुछ दिन पहले अपने शिक्षक और दोस्तों के साथ उनके घर पर खाने पार्टी। जब घर से निकलना बंद हुआ तो कुछ दोस्तों ने घर आकर पार्टी की। अपने हाथ से बना खाना खिलाया। 

फिर आया दिसंबर.. साल का अंतिम महीना.. एक नए घर में एक नई शुरुआत.. वो घर जहां मेरे आने से पहले मेरे रंग पहुंच चुके थे। दिसंबर ने सिखाया कि अनजान लोगों को अपना बनाना इतना मुश्किल भी नहीं होता। इस तरह साल का अंतिम दिन भी रंगों और वीडियो कॉल पर अपनों के साथ बीता।

यूं तो साल 2020 ने आर्थिक रूप से हर किसी को परेशान किया.. इसका थोड़ा असर मुझ पर भी हुआ.. लेकिन मेरे लिए पैसे कभी भी प्रायोरिटी वाले लिस्ट में सबसे ऊपर नहीं रहें.. साथ हीं इस साल ने मुझे अपनों की भी पहचान कराई.. इस साल ने मुझे यह समझाया कि आपका अपने लिए ईमानदार होना कितना ज़रूरी है.. थोड़ी खट्टी मीठी यादें और कुछ बुरे अनुभव भी हैं पर पूरे साल को मैंने अपने अनुसार जिया है और बहुत कुछ पाया है। इसलिए मेरे लिए तो यह साल तो बहुत हीं अच्छा रहा। 
अलविदा 2020...!!!


Comments

Post a Comment

Popular posts from this blog

मुझे अपना घर छोड़कर, अपने घर को जाना है...

शब्द और रंग

School में पहला दिन....