आइनें के सामने खड़ी

"ज़िंदगी भर अपनी गूंगी धड़कनों के साथ-साथ
हम भी घर के क़ीमती सामान में रखे रहे"

राहत इंदौरी की यह ग़ज़ल
आज बार-बार उसे याद आ रही थी
जब शादी के लाल जोड़े में
वो 'दुल्हन' बन 'गुड़िया-सी' सजी
आइने के सामने खड़ी थी
वही 'गुड़िया' जो कभी बोलती नहीं
बस चुप रहती है..

होठों पर मुस्कान सजाए
दिल में अरमान दबाएं
वो तो बस जिए जा रही थी..
ये सोचकर कि
आख़िर 'ज़िंदगी' इसी का तो नाम है..
और ज़िंदगी हर दिन हक़ीक़त के डस्टर से
उसके सपनों और उम्मीदों को पोंछती रही..

मां ने सिखाया था
"अनजान लोगों से दूर रहना"
फिर मां ने ही
एक अनजान के साथ
ज़िंदगी भर का नाता क्यों जोड़ दिया
इस बात से आज परेशान थी वो..

कसमसा रहा था उसका 'मन'
ख़ुद की जो नहीं कर पा रहा था
अपनों ने ही उसे पत्थर बना दिया था
हां, पत्थर
पत्थर सी बन गई थी वो
अकड़ में भी थी और
छेनी-हथौड़ी की मार से
छोटे-छोटे टुकड़ों में भी टूट गई थी..
सच कहूं तो हक़ीक़त से ऊब चुकी थी वो..

क्यों हमारे यहां की लड़कियां
दूसरों के लिए जीती हैं अपनी ज़िंदगी
कभी बेटी बनकर, कभी पत्नी
तो कभी मां बनकर
क्यों इनकी ज़िंदगी 
हमेशा दूसरों की इज़्ज़त से जुड़ी होती हैं..
ख़ुशी की बात थी
पर ख़ुश नहीं थी वो
न जाने कैसी ख़ुशी थी ये
जो उसके अलावा सभी को नज़र आ रही थी..
इस बात से भी परेशान थी वो..

आइने के सामने खड़ी मन ही मन बातें कर रही थी
आज आइने में अपना वजूद ढूंढ़ रही थी वो
नहीं वजूद नहीं..
वजूद तो खो ही चुका था उसका
सपने जो मर चुके थे उसके..
शायद इक दुल्हन
आइने में मुस्कुराने की वजह ढूंढ़ रही थी
सब कुछ तो मिला था उसे
कभी किसी चीज़ की कमी नहीं हुई
बस वो चीज़े नहीं मिली
जिसकी उसने चाहत की थी..

उसकी ख़ामोशी ने अल्फ़ाज़ों को जकड़ रक्खा था
उसे पता था, जो फिसल गए कहर मचाएंगे
इसलिए उसने चुप्पी ओढ़ ली थी
अपनों के लिए अपनों से ही उम्मीद छोड़ दी थी..
सच.... इंसान अपने आप से जीत सकता है
पर अपनों से नहीं...
इस बात को मान गई थी वो..

Comments

Post a Comment

Popular posts from this blog

मुझे अपना घर छोड़कर, अपने घर को जाना है...

शब्द और रंग

School में पहला दिन....