मैं और मेरी डायरी

मेरी एक डायरी है जो मुझे बहुत प्यारी है। मैं अपने खाली समय में इससे ढ़ेर सारी बातें करती हूं। कभी-कभी जब मैं काम में बहुत व्यस्त रहती, यह मेज़ पर पड़ी चुप-चाप मुझे निहारती है। मैं भी जब तक इसके साथ समय न बिताऊं एक कमी सी लगती है। मेरी डायरी, मेरी सारी बातें सुनती है, पलट के मेरे कुछ किए पर बचकाने से (यह क्या किया तुमने, अब लोग क्या कहेंगे टाइप) सवाल भी नहीं करती।


अपनी हर शाम से समय चुराकर अपनी डायरी के साथ बिताते-बिताते दिन कैसे बित गए, पता ही नहीं चला। अब डायरी में कुछ ही पन्ने बचे थे। चूंकि इसके साथ मेरी बहुत-सी यादें जुड़ी थी, इसलिए मैं इसे बहुत संभाल कर रखना चाहती थी। कहीं फट न जाए, कोई पन्ना न निकल जाए, खाने पीने की कोई चीज़ इसपर गिर न जाए, ऐसी कई तरह की बातें मुझे हमेशा परेशान करती थी। अपनी परेशानी दूर करने और इसे संभाल कर रखने के लिए मैने इस पर कवर चढ़ाने को सोचा। कुछ पैसे जमा कर रखे थे तो बस एक ख़ूबसूरत सा कवर लेने मैं बाज़ार पहुंची। लेकिन वहां पहुंच मैं हतप्रभ रह गई। अलग-अलग दामों में कई कवर बिक रहे थे, कुछ सादे तो कुछ रंगीन, कुछ ऊंचे दामों में तो कुछ मेरे बजट में भी थे और ऊपर से इतनी सारी दुकाने, उफ़्फ़फ़। 

ख़ैर, मैं एक दुकान पर गई। दुकानदार ने कई कवर दिखाए। जो मुझे पसंद आ रहे थे वो ऊंचे दामों में  थे, जो मेरे बजट में थे वो मुझे पसंद नहीं आ रहे थे। दुकानदार से कुछ तोल-मोल करने को कही, पर वह नहीं माना। मैं वापस आ गई। आख़िर मेरी डायरी का सवाल था, मेरी बहुत-सी यादें इसमे कैद थी, ऐसे कैसे कोई भी कवर लगा देती। कई दिनों तक मेरा यूं ही दुकानों पर जाना, अलग-अलग दुकानदारों से तोल-मोल करना, फ़िर उनका जीतना मेरा हारना, ये सिलसिला चलता रहा। कवर लेने में मैं इतनी व्यस्त हो गई थी कि मेज़ पर पड़ी डायरी की मायूसी भी नहीं देख पा रही थी।  मेरी डायरी जो मुझसे बातें करना चाहती थी, मेरे साथ समय बिताना चाहती थी, अब चुप चाप मेज़ पर पड़ी थी।

अंत में मुझे एक दुकान मिली जहां कवर भी पसंद आया और दुकानदार भी उसे मेरे मन मुताबिक़ दाम पर देने को तैयार था। मैं जमा किए सारे पैसे दुकानदार को दी, कवर ली, डायरी पर लगाई, फ़िर अपनी डायरी दुकानदार को हमेशा के लिए दे दी। अपनी डायरी हमेशा के लिए दुकानदार को देते वक़्त बहुत दुःख भी हुआ लेकिन मेरी खुशी का  भी ठिकाना न था। 




क्या हुआ????
अंत कुछ समझ नहीं आया???
मुझे भी नहीं समझ आता हमारे समाज में बेटियों की शादी का यह तरीका!!!!!

Comments

Post a Comment

Popular posts from this blog

मुझे अपना घर छोड़कर, अपने घर को जाना है...

शब्द और रंग

School में पहला दिन....