मज़दूर दिवस और मज़दूर

अंतराष्ट्रीय मज़दूर दिवस के दिन मज़दूर दिवस की शुभकामनाएं दे रहे थे लोग, और ये मज़दूर पूरे दिन अपनी मज़दूरी में ही मशगूल रहा । 

हर रोज़ की तरह आज सुबह भी राजू घर से बोझ ढ़ोने के लिए निकल गया था। बालू, गिट्टी, ईंट, सामानों से भरा बोरा, बस कुछ भी ढ़ोने मिल जाए, फिर हाथ में कुछ सिक्के मिलेंगे तो घर पर चूल्हा जलेगा और रोटियाँ पकेगी। इसी उम्मीद से राजू हर सुबह माँ का आशीर्वाद लेकर घर से निकल जाता था। लेकिन आज... आज सभी बोल रहे थे कि मज़दूर दिवस है, ये मज़दूरों की छुट्टी का दिन है। वह सोच में पड़ गया कि आज काम नहीं मिला तो घर क्या लेकर जाएगा। चूल्हा कैसे जलेगा? बूढ़ी मां और बच्चो को भूखा न सोना पड़े। पास खड़े एक रिक्शा वालें से पूछा, "भाई, आज कुछ है क्या??? क्या हमारी आज छुट्टी है ???" उसने बताया सूट-बूट पहनने वाला पढ़ा-लिखा इंसान  जो दफ्तरों में काम करता है वह भी मज़दूर होता है, छुट्टी उन्हीं के लिए हैं। हम मट-मैला कपड़ा पहनने वाले, रेल के डिब्बों में झाड़ू लगाने वाले, स्टेशन पर सामान ढ़ोने वाले, जूता सिलने वाले, ईंट ढ़ोने वाले और मेरे जैसे पचास लाख से ज़्यादा रिक्शा चलाने वालें अनपढ़ लोगों की ज़िंदगी में आराम कहाँ..... और फिर हम आराम करें तो बच्चें भूखें मर जाएंगे। इसलिए चलो भईया हम अपने-अपने काम को चलते हैं ।

राजू भी काम ढूंढने आगे चल दिया। थोड़ी ही दूरी पर एक घर में काम हो रहा था। बाहर से ईंट को काम वाली जगह तक पहुँचाना था। मेहनताना थोड़ा कम मिल रहा था लेकिन काम करना मज़बूरी थी, इसलिए वह तैयार हो गया। 8, 10 तो कभी 12 ईंटों का बोझ उठाकर काम को जल्दी खत्म कर देना चाहता था। जब थोड़ी हालत खराब लगी तो मालिक से 10 रुपए माँगकर चाय पीने चला गया। और आने के बाद फिर से काम पर लग गया। काम पूरा होने के बाद मालिक ने तय मेहनताने में से 10 रुपए कम दिए। बकझक करने से कोई फायदा नहीं था। राजू को सुबह मिले, रिक्शे वाले की दो तरह के मज़दूर वाली बात याद आ गई। कुछ देर वहाँ खड़ा, वह सोचता रहा कि कितना फ़र्क़ है दफ्तरों में काम करने वाले और हम जैसे मज़दूरों में। वे दफ्तरों में काम करते है, हम धूप बारिश और ठंड में। उनकी सभी इज्ज़त करते है, हमसे सीधे मुँह बातें भी नहीं करते। वे रात में घर मे सुकून की नींद सोते हैं, हम डर में कि अगले दिन चूल्हा जलेगा या नहीं। उन्हें उनकी सैलरी मिलती हैं और हमे सही से हमारी मज़दूरी भी नहीं। उनके बच्चें स्कूल में पढ़ते हैं, हमारे ढाबा पर बर्तन धोने और चाय देने का काम करते हैं। पैर भी अब आगे बढ़ रहे थे लेकिन दिमाग में चल रही बातो की रफ्तार ज़्यादा थी । 
उसे अब इस फर्क की वजह समझ आ रही थी। वह थी 'एक मज़दूर वर्ग का शिक्षित होना और दूसरे का अनपढ़ होना'। उसने खुद से वादा किया 12 की जगह 14 ईट ढोलेगा लेकिन बच्चों को पढ़ाएगा।

1 मई के सूरज अब ढल चुका था। कहने को आज मज़दूर दिवस था। दिन मज़दूरों के सम्मान का था लेकिन राजू का पूरा दिन मज़दूरी करने और दो तरह के मज़दूरों के अंतर को समझने में बिता था।

लोगों ने आराम किया और छुट्टी पूरी की... यकुम मई को भी मज़दूरों ने मज़दूरी की... --अफ़ज़ल ख़ान




Comments

Post a Comment

Popular posts from this blog

मुझे अपना घर छोड़कर, अपने घर को जाना है...

शब्द और रंग

School में पहला दिन....